रक्षाबंधन पर जेके सीमेंट की अनूठी पहल, बहनों ने बांधी ‘सुरक्षा की राखी’

बहनों ने भाइयों को हेलमेट पहनाकर यातायात नियमों के पालन का दिलाया संकल्प

राकेश कुमार शर्मा

पन्ना। रक्षाबंधन के पावन पर्व पर जेके सीमेंट द्वारा सामाजिक सरोकार और सड़क सुरक्षा को जोड़ते हुए अभिनव एवं अनुकरणीय पहल की गई। आयोजित विशेष कार्यक्रम में बहनों ने वाहन चालकों और भाइयों को तिलक लगाकर राखी बांधी, मिठाई खिलाई तथा उनके सुरक्षित भविष्य की कामना करते हुए हेलमेट पहनाया। इस दौरान दोपहिया वाहन चालकों को यातायात नियमों का पालन करने और हमेशा हेलमेट पहनकर वाहन चलाने का संकल्प भी दिलाया गया।

कार्यक्रम का उद्देश्य रक्षाबंधन के भावनात्मक संदेश को सड़क सुरक्षा से जोड़ते हुए वाहन चालकों को यह समझाना रहा कि परिवार के प्रति जिम्मेदारी केवल त्योहार तक सीमित नहीं है, बल्कि सुरक्षित यातायात व्यवहार के माध्यम से भी अपने प्रियजनों की रक्षा की जा सकती है।

राखी के साथ दिया सुरक्षा का संदेश

कार्यक्रम में बहनों ने भाइयों की कलाई पर रक्षा सूत्र बांधने के साथ उनके सिर पर हेलमेट पहनाया। उन्होंने भाइयों से सुरक्षित वाहन चलाने, यातायात नियमों का पालन करने और दोपहिया वाहन चलाते समय अनिवार्य रूप से हेलमेट पहनने का वचन लिया। राखी बांधने के बाद भाइयों का मुंह मीठा कराया गया और उन्हें सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक किया गया।

पुलिस-प्रशासन ने सराहा अभियान

कार्यक्रम में मौजूद पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों ने जेके सीमेंट की इस पहल की सराहना करते हुए इसे जन-जागरूकता की दिशा में प्रभावी कदम बताया। अधिकारियों ने कहा कि सड़क सुरक्षा केवल यातायात नियमों का पालन करने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह प्रत्येक व्यक्ति की अपने परिवार और समाज के प्रति जिम्मेदारी भी है। रक्षाबंधन जैसे भावनात्मक पर्व पर बहनों द्वारा भाइयों को हेलमेट पहनाकर सुरक्षा का संदेश देना लोगों को जागरूक करने का संवेदनशील और प्रभावी माध्यम है।

सुरक्षित यातायात का लिया सामूहिक संकल्प

कार्यक्रम के अंत में उपस्थित वाहन चालकों, कर्मचारियों एवं नागरिकों ने सामूहिक रूप से संकल्प लिया कि वे बिना हेलमेट दोपहिया वाहन नहीं चलाएंगे तथा यातायात नियमों का ईमानदारी से पालन करेंगे। जेके सीमेंट की इस पहल ने रक्षाबंधन के भाई-बहन के प्रेम और सुरक्षा के संकल्प को सामाजिक जिम्मेदारी से जोड़ते हुए सड़क सुरक्षा का महत्वपूर्ण संदेश दिया।

Back to top button