
जबलपुर। श्री सनातन धर्म महासभा के तत्वावधान में जन्माष्टमी के पावन अवसर पर इस वर्ष भगवान श्रीकृष्ण के जीवन चरित्र पर जन्माष्टमी के पूर्व विभिन्न मंदिरों में अलग-अलग प्रतियोगिताएं आयोजित की जा रही हैं। विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित करने का मुख्य उद्देश्य सनातन धर्म और संस्कृति से बच्चों, युवाओं को जोड़कर धर्म के प्रति जागरूक कर सतमार्ग पर चलने के लिए प्रेरित करना है।

285 छात्र-छात्राओं ने लिया चित्रकला प्रतियोगिता में भाग
इसी क्रम में आज श्रीकृष्ण मंदिर गोरखपुर में श्रीमद् जगतगुरु डॉ. स्वामी नरसिंहदेवाचार्य जी महाराज के सान्निध्य में एवं श्री सनातन धर्म महासभा के अध्यक्ष श्री श्याम साहनी, गुलशन मखीजा, लकी भाटिया, सुनीता चावला की उपस्थिति में भगवान श्रीकृष्ण की चित्रकला प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसमें 285 छात्र-छात्राओं ने भाग लिया।
नन्हे-मुन्ने बच्चों ने रंग-पेंट, कलर पेंसिल से ड्राइंग शीट पर भगवान श्रीकृष्ण के मनभावन, मनोहारी श्रृंगार के विभिन्न स्वरूपों को उकेरा। छोटे-छोटे हाथों ने गोपाल कृष्ण, बांके बिहारी लाल का इतने सुंदर चित्रण किया कि हर चित्र सजीव दर्शन करा रहा था।
विभिन्न आयु वर्ग में दिए गए पुरस्कार
5 से 8 वर्ष तक के आयु वर्ग में प्रथम पुरस्कार हार्दिक पाहुजा, द्वितीय आराध्या तिवारी, तृतीय आर्यन काछी तथा सांत्वना पुरस्कार मानवी मिश्रा और रूद्रा हेमा को दिया गया।
9 से 15 वर्ष तक के आयु वर्ग में प्रथम पुरस्कार अर्जुन, द्वितीय यश, तृतीय हर्षिता तथा सांत्वना पुरस्कार आरुष, नक्श और वंदिनी को दिया गया।
निर्णायक मंडल ने निभाई भूमिका
प्रतियोगिता में निर्णायक की भूमिका समाजसेवी सुलेखा पंकज छत्रिय, सुधा के.के. गौतम, डॉ. वाणी अहलूवालिया और सानवी पारवानी ने निभाई।
इनका रहा सहयोग
इस अवसर पर मीनाक्षी दत्त, नंदिता महाजन, अंजू भार्गव, कविता दुबे, सोनल सेठी, इंदुलता प्यासी, रजनी बग्गा, सोनल भाटिया, रश्मि भल्ला, प्रवेश खेड़ा, रत्नेश मिश्रा, विध्येश भापकर और जगदीश साहनी का सहयोग रहा।
श्रीराम मंदिर मदन महल में झांकी सजाओ प्रतियोगिता
श्री सनातन धर्म महासभा के तत्वावधान में जन्माष्टमी के पूर्व आयोजित प्रतियोगिताओं की श्रृंखला के क्रम में 31 अगस्त को दोपहर 3 बजे से श्री राम मंदिर मदन महल में भगवान श्रीकृष्ण की झांकी सजाओ प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा।