मध्‍यप्रदेश में तीन माह में बनेगा नया फायर सेफ्टी एक्‍ट

भाजपा विधायक डॉ अभिलाष पांडेय के ध्‍यानाकर्षण के जवाब में मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने कहा

भोपाल। मध्‍यप्रदेश में तीन माह में नया फायर सेफ्टी एक्‍ट बन जाएगा। यह जानकारी विधानसभा में ध्‍यानाकर्षण के जवाब में नगरीय विकास एवं आवास मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने दी। जबलपुर के भाजपा विधायक डॉ अभिलाष पांडेय ने ध्‍यानाकर्षण के दौरान फायर सेफ्टी का विषय उठाया था।

डॉ अभिलाष पांडेय ने अग्नि घटनाओं पर चिंता जताते हुए कहा कि अस्‍पताल, स्‍कूल व अन्‍य स्‍थानों पर आगजनी की घटनाएं बढ़ी हैं। अभी हमारे पास जो फायर स्‍टेशन हैं वह शहर के बीचों बीच हैं। जहां से घटना स्‍थल तक पहुंचने में वाहनों को समय लगता है।

व्‍यवस्‍था बेहतर हो

डॉ अभिलाष पांडेय ने कहा कि व्‍यवस्‍था बेहतर होनी चाहिए। नगर निगम से लेकर पंचायत स्‍तर तक बेहतर व्‍यवस्‍था को लागू किया जाना चाहिए। व्‍यापारिक प्रतिष्‍ठानों में नियमित फायर ऑडिट होना चाहिए।

फायर सेफ्टी एक्‍ट तैयार किया जा रहा है

विधानसभा में मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने कहा कि भारत सरकार के मॉडल फायर एक्‍ट के आधार पर मध्‍यप्रदेश में एक्‍ट तैयार किया जा रहा है।

तीन माह पहले विभाग की बैठक में फायर सेफ्टी ऑडिट के अधिकार नगर पालिका और नगर निगम को दिए हैं। अगले तीन माह में अन्‍य राज्‍यों के प्रावधानों का अध्‍ययन करके फायर सेफ्टी एक्‍ट बना लिया जाएगा। सरकार की कोशिश है कि आग लगने के 10 मिनट के भीतर फायर ब्रिगेट मौके पर पहुंचे। इसके लिए किसी शहर में दो तो किसी शहर में तीन से पांच तक फायर स्‍टेशन बनेंगे।

Back to top button