
जबलपुर। मकर संक्रांति के पावन पर्व पर गुरुवार को जबलपुर के नर्मदा तट स्थित गौरीघाट, तिलवारा घाट, भेड़ाघाट सहित अन्य घाटों में श्रद्धा और आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा। अल सुबह से ही श्रद्धालु नर्मदा तट पर पहुंचने लगे और पवित्र जल में स्नान कर पूजन-अर्चन कर पुण्य लाभ अर्जित किया।
नर्मदा स्नान को लेकर दिखी विशेष आस्था
मकर संक्रांति के अवसर पर नर्मदा स्नान का विशेष धार्मिक महत्व माना जाता है। इसी आस्था के चलते बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने नर्मदा मैया की जयकारों के साथ स्नान किया और सूर्य देव को अर्घ्य अर्पित किया। घाटों पर पूजा सामग्री, फूल-मालाएं और दीपों से वातावरण भक्तिमय नजर आया।
तिलवारा घाट पर लगा पारंपरिक मेला
मकर संक्रांति पर तिलवारा घाट का विशेष महत्व माना जाता है। इसी परंपरा के अनुसार यहां प्रतिवर्ष की तरह इस वर्ष भी मेले का आयोजन किया गया। मेले में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। सुबह से ही श्रद्धालुओं का तिलवारा घाट पहुंचना शुरू हो गया था, जिससे पूरा क्षेत्र मेले के रंग में रंगा नजर आया।
भेड़ाघाट और गौरीघाट में भी उमड़ी भीड़
भेड़ाघाट और गौरीघाट में भी मकर संक्रांति पर विशेष रौनक देखने को मिली। श्रद्धालुओं ने नर्मदा घाट पर स्नान के बाद दान-पुण्य किया और जरूरतमंदों को तिल, वस्त्र एवं खाद्य सामग्री का दान किया। कई श्रद्धालु परिवार सहित घाटों पर पहुंचे।
पुलिस प्रशासन रहा सतर्क
श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए पुलिस प्रशासन द्वारा व्यापक सुरक्षा और यातायात व्यवस्था की गई थी। आवागमन को व्यवस्थित रखने के लिए जगह-जगह बैरिकेडिंग की गई थी। पुलिस बल घाटों और प्रमुख मार्गों पर तैनात रहा, जिससे श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
भक्तिमय माहौल में मनाया गया पर्व
घाटों पर हर-हर नर्मदे और जय मां नर्मदा के जयघोष गूंजते रहे। मकर संक्रांति का पर्व जबलपुर में पूरी श्रद्धा, शांति और धार्मिक उल्लास के साथ संपन्न हुआ। श्रद्धालुओं ने स्नान, पूजन और दान कर सुख-समृद्धि की कामना की।
फ़ोटो: ओपी नेमा