पावर जनरेटिंग कंपनी के कनिष्ठ अभियंताओं ने सीखी आधुनिक निर्माण टेक्निक

जबलपुर। मध्यप्रदेश पावर जनरेटिंग कंपनी लिमिटेड के नवनियुक्त 10 जूनियर इंजीनियर्स (सिविल) ने आधुनिक निर्माण टेक्निक सीखीं। इन कनिष्ठ अभियंताओं ने छह सप्ताह का विशेष तकनीकी प्रशिक्षण पूरा किया। अब वे विद्युत परियोजनाओं में जिम्मेदारी संभालने के लिए तैयार हैं। राष्ट्रीय विद्युत प्रशिक्षण संस्थान (एनपीटीआई), नागपुर में आयोजित प्रशिक्षण के दौरान अभियंताओं को ताप एवं जल विद्युत परियोजनाओं के निर्माण, संधारण और आधुनिक सिविल इंजीनियरिंग तकनीकों का सैद्धांतिक तथा व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया।

ये प्रशिक्षण दिया गया

प्रशिक्षण का उद्देश्य नव नियुक्त अभियंताओं को विद्युत उत्पादन परियोजनाओं की वास्तविक कार्यप्रणाली से परिचित कराना और उन्हें भविष्य की तकनीकी चुनौतियों के अनुरूप तैयार करना था। छह सप्ताह के दौरान प्रतिभागियों को कंक्रीट टेक्नोलॉजी, मटेरियल टेस्टिंग, गुणवत्ता नियंत्रण, निर्माण पर्यवेक्षण, कार्य मापन और नवीनतम इंजीनियरिंग तकनीकों के उपयोग का विस्तृत प्रशिक्षण दिया गया।

इंडस्ट्रियल टूर भी किया

प्रशिक्षण का प्रमुख आकर्षण महाराष्ट्र के चंद्रपुर और कोराडी स्थित 2×600 मेगावाट सुपर क्रिटिकल ताप विद्युत इकाइयों का औद्योगिक भ्रमण रहा। यहां प्रशिक्षु अभियंताओं ने निर्माणाधीन परियोजनाओं में फाउंडेशन, संरचनात्मक निर्माण और परियोजना निष्पादन की प्रक्रियाओं का प्रत्यक्ष अवलोकन किया तथा आधुनिक निर्माण तकनीकों को व्यवहारिक रूप से समझा।

उद्देश्य बताया

कार्यपालक निदेशक (मानव संसाधन एवं प्रशासन) दीपक कश्यप ने बताया कि कंपनी के प्रबंध संचालक मनजीत सिंह और डायरेक्टर टेक्निकल के मार्गदर्शन में केंद्रीय विद्युत प्राधिकरण (सीईए) के मानकों के अनुरूप प्रशिक्षण पाठ्यक्रम तैयार किया गया है। इसका उद्देश्य युवा अभियंताओं को आधुनिक तकनीकी ज्ञान के साथ व्यावहारिक दक्षता प्रदान करना है, ताकि वे भविष्य में विद्युत परियोजनाओं के निर्माण और संधारण में प्रभावी भूमिका निभा सकें।

समारोह में अतिरिक्त मुख्य अभियंता (प्रशिक्षण) डॉ. अशोक तिवारी तथा अधीक्षण अभियंता (सिविल) बी.के. कुशवाहा भी उपस्थित रहे।

पूर्व क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी में पदोन्नति आदेश जारी

जबलपुर। पूर्व क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी में पदोन्‍नति आदेश जारी किए गए हैं। विभागीय पदोन्नति समिति की बैठक के बाद 6 जुलाई को पदोन्नति आदेश जारी किए गए। वर्षों से लंबित पदोन्नति प्रक्रिया पूरी होने पर अधिकारियों और कर्मचारियों ने राहत और संतोष व्यक्त किया।

आदेश के अनुसार कंपनी के विभिन्न संवर्गों के कुल 684 अधिकारियों एवं कर्मचारियों को पदोन्नति का लाभ मिला है। इनमें प्रथम श्रेणी के 16, द्वितीय श्रेणी के 4, तृतीय श्रेणी के 259 तथा चतुर्थ श्रेणी के 405 अधिकारी-कर्मचारी शामिल हैं। सबसे अधिक लाभ चतुर्थ और तृतीय श्रेणी के कर्मचारियों को मिला है।

कर्मचारियों ने इसे लंबे समय से लंबित मांग पूरी होने की दिशा में महत्वपूर्ण निर्णय बताते हुए कंपनी प्रबंधन का आभार जताया। उनका कहना है कि पदोन्नति से न केवल कार्य के प्रति उत्साह बढ़ेगा, बल्कि कर्मचारियों का मनोबल भी मजबूत होगा।
पूर्व क्षेत्र कंपनी के प्रबंध संचालक अजय गुप्ता तथा मुख्य महाप्रबंधक (मानव संसाधन एवं प्रशासन) सम्पदा सराफ गुर्जर ने सभी पदोन्नत अधिकारियों और कर्मचारियों को शुभकामनाएं दीं।

Back to top button