
जबलपुर। रमनगरा पाइप लाइन परीक्षण के दौरान देर रात फिर फूट गई है। मेन राइजिंग लाइन में सुधार कार्य के बाद परीक्षण किया जा रहा था। तभी वह फूट गई। इससे एक बार फिर आधे शहर में जलसंकट छा गया है। इसे सुधारने में करीब चार से पांच दिन का वक्त लग सकता है।
परीक्षण के दौरान फूटी लाइन
रमनगरा जलशोधन संयंत्र की मेन राइजिंग लाइन बाजनामठ के पास 26 सितंबर को फूट गई थी। उसके बाद इसे सुधारा गया था। नगर निगम के जलविभाग द्वारा रमनगरा जलशोधन संयंत्र से पानी छोड़कर मेन राइजिंग लाइन का परीक्षण किया गया। परीक्षण के दौरान ही फिर लीकेज होने लगा और पाइप लाइन वहीं से फूट गई जहां से सुधारी गई थी।
अब इसमें फिर से सुधार कार्य किया जा रहा है। शहर में समानान्तर पाइप लाइन से जलापूर्ति की जा रही है लेकिन कुछ वार्डों में जलापूर्ति संभव नहीं हो सकेगी। इससे वहां जलसंकट बना रहेगा। रविवार को बिरला धर्मशाला, मेडिकल कॉलेज क्षेत्र, गुलौआ, राइट टाउन, रामेश्वरम, मनमोहन नगर, लक्ष्मीपुर, मदर टेरेसा नगर, सर्वोदय नगर, बेदी नगर, मिल्क स्कीम, राजीव नगर, न्यू शोभापुर, रविन्द्र नगर, सुहागी में रविवार को सुबह पानी की सप्लाई नहीं हुई। कोतवाली, मोतीनाला, देवताल, सूपाताल में पानी नहीं मिला।