नर्मदा प्राकट्य उत्सव पर जबलपुर में ट्रैफिक डायवर्जन: घाट जाने से पहले यह खबर जरूर पढ़ें

जबलपुर। मां नर्मदा के प्राकट्य उत्सव 25 जनवरी 2026 को लेकर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए यातायात पुलिस जबलपुर द्वारा भेड़ाघाट, तिलवारा घाट एवं ग्वारीघाट क्षेत्र के लिए विशेष ट्रैफिक प्लान जारी किया गया है। यातायात व्यवस्था को सुचारू एवं सुरक्षित बनाए रखने के लिए डायवर्जन, प्रतिबंधित मार्ग एवं पार्किंग की विस्तृत व्यवस्था की गई है।

भेड़ाघाट क्षेत्र की यातायात व्यवस्था

यातायात पुलिस द्वारा जारी प्रेसनोट के अनुसार सगड़ा बायपास की ओर से आने वाले भारी एवं लोडिंग वाहन चौकीताल बायपास से भेड़ाघाट मार्ग की ओर नहीं जा सकेंगे। वहीं सगड़ा बायपास से आने वाली मेट्रो बसें एवं सवारी ऑटो/आप चौकीताल से लम्हेटाघाट होते हुए भेड़ाघाट हाईस्कूल मझपुरा तिराहा तक ही जा सकेंगी।

भेड़ाघाट चौराहा की ओर से जाने वाले भारी वाहन सरस्वतीघाट मार्ग की ओर प्रतिबंधित रहेंगे। चौराहे से आने वाली मेट्रो बसें एवं सवारी ऑटो भेड़ाघाट जनपद पंचायत मैदान तक ही जा सकेंगी।

भेड़ाघाट क्षेत्र में पार्किंग व्यवस्था

भेड़ाघाट चौराहे से आने वाले बड़े वाहनों की पार्किंग भेड़ाघाट पुलिस लाइन पार्किंग मैदान में की जाएगी। दो पहिया एवं हल्के चार पहिया वाहनों के लिए हरि कृष्ण आश्रम के सामने, जनपद पंचायत भेड़ाघाट पार्किंग एवं हेलीपैड मैदान निर्धारित किया गया है।

चौकीताल बायपास की ओर से आने वाले वाहन लम्हेटा तिराहा होकर मझपुरा पार्किंग स्थल पर पार्क होंगे।

भेड़ाघाट पुल के ऊपर किसी भी प्रकार का वाहन पार्क करना पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा।

तिलवारा घाट क्षेत्र की यातायात व्यवस्था

शहर से आने वाले बड़े एवं मध्यम वाहन त्रिपुरी चौक, मेडिकल, शास्त्रीनगर से सगड़ा तिराहा तक जा सकेंगे, इसके बाद दाहिने मुड़कर सगड़ा बायपास से होकर लौटेंगे। सिवनी की ओर से आने वाले सभी बड़े एवं मध्यम वाहन तिलवारा पुल से शहर की ओर प्रवेश नहीं कर सकेंगे।

तिलवारा घाट पार्किंग स्थल

श्रद्धालुओं के लिए तिलवारा नया पुल के नीचे पार्किंग तथा नव निर्मित तिलवारा थाना के सामने स्थित मैदान में वाहन पार्क किए जाएंगे।

ग्वारीघाट क्षेत्र की यातायात व्यवस्था

मेट्रो बस एवं भारी वाहन रामपुर चौक तक ही जा सकेंगे, इसके आगे प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। तिलहरी मोड़ से ग्वारीघाट की ओर सभी प्रकार के वाहन नहीं जा सकेंगे।

रामपुर चौक से विजयनगर, सुखसागर वैली होते हुए दशहरा मैदान में प्रवेश कर वाहन वहीं पार्क किए जाएंगे। वापसी दशहरा मैदान से आयुर्वेदिक संस्थान गेट, गीताधाम, भटौली, तिलहरी होते हुए होगी।

प्रतिबंधित मार्ग एवं विशेष निर्देश

रामलला मंदिर से झंडा चौक, साकेतधाम, वर्मन मोहल्ला, जिलहरी मोड़ एवं ग्वारीघाट के आसपास की गलियों को केवल पैदल मार्ग घोषित किया गया है। तिलहरी मोड़ से ग्वारीघाट मार्ग पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा।

यातायात पुलिस की अपील

यातायात पुलिस जबलपुर ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही वाहन खड़े करें, आम सड़क पर वाहन न रोकें तथा सुचारू एवं सुरक्षित यातायात व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करें।

Back to top button