
पटना। एनडीए ने शुक्रवार को अपना संकल्प पत्र जारी कर दिया है। अपने घोषणा पत्र में एनडीए ने 1 करोड़ नौकरी व रोजगार देने का वादा किया है। इसके साथ ही 1 करोड़ महिलाओं को लखपति दीदी बनाने की घोषणा की है। एनडीए के संकल्प पत्र को डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी ने पढ़ा।
एनडीए के घोषणा पत्र के मुख्य बिंदु
एनडीए के घोषणा पत्र में युवाओं, महिलाओं, किसानों, गरीबों को ध्यान में रखते हुए घोषणाएं की हैं। इसमें मुख्य रूप से गरीब परिवार को मुफ्त शिक्षा, बिहार में सात नए एक्सप्रेवे बनाना, सीएम महिला रोजगार योजना से मदद करके महिलाओं को दो लाख तक सहायता राशि, 125 यूनिट मुफ्त बिजली, अति पिछड़े वर्ग को 10 लाख रुपए तक की मदद, किसानों को फसलों पर एमएसपी की गारंटी, कौशल जनगणना कर नौकरी , मिशन ग्लोबल स्किल सेंटर, गरीबों को पांच लाख तक मुफ्त इलाज, कर्पूरी ठाकुर सम्मान निधि , चार नए शहर में मेट्रो सेवा, केजी से पीजी तक मुफ्त शिक्षा योजना, बिहार से विदेशों के लिए सीधी उड़ान, बिहार में नए कारखाने खोले जाएंगे, 1 लाख ग्रीन होम स्टे, किसानों को कुल 9 हजार रुपए तक की मदद की घोषणा की है।
ये थे उपस्थित
एनडीए के घोषणा पत्र जारी करते समय बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, बिहार के सीएम नीतीश कुमार, डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी, एलजेपी प्रमुख चिराग पासवान, जीतनराम मांझी, उपेद्र कुशवाहा, धर्मेंद्र प्रधान उपस्थित थे।
जनसुराज पर अब सबकी नजर
आपको बता दें कि बिहार में महागठबंधन पहले ही अपना घोषणा पत्र जिसे तेजस्वी यादव ने प्रण पत्र कहा है, वह जारी कर चुका है। तीसरा मोर्चा जनसुराज पार्टी भी मैदान में है उसका घोषणा पत्र जारी होना बाकी है। मालूम होकि बिहार में दो चरणों में मतदान होंगे। पहले चरण में 6 नवंबर, दूसरे चरण में 11 नवंबर को मतदान होगा व 14 नवंबर को मतगणना होगी।