कॉकरोच जनता पार्टी का जंतर-मंतर पर प्रदर्शन, शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग

नई दिल्ली। कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) ने दिल्ली के जंतर-मंतर पर नीट पेपर लीक मामले को लेकर जोरदार प्रदर्शन किया। इस प्रदर्शन में बड़ी संख्या में युवा और छात्र शामिल हुए। पार्टी के फाउंडर अभिजीत दीपके अमेरिका से दिल्ली पहुंचे और सीधे प्रदर्शन में शामिल हुए।

शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग

सीजेपी के फाउंडर अभिजीत दीपके ने स्पष्ट कहा कि उनकी मुख्य मांग शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि मांग पूरी नहीं हुई तो अगले शनिवार को फिर से बड़ा प्रदर्शन किया जाएगा।

कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) अपेक्षाकृत नई लेकिन तेजी से चर्चा में आने वाली संगठन के रूप में उभरी है, जिसने खासतौर पर युवाओं और छात्रों के मुद्दों को मुखरता से उठाया है। पार्टी की शुरुआत शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता, पेपर लीक जैसी घटनाओं पर सख्त कार्रवाई और युवाओं के अधिकारों की आवाज बुलंद करने के उद्देश्य से की गई थी।

बीते कुछ समय में यह संगठन सोशल मीडिया और जमीनी स्तर पर सक्रिय अभियानों के जरिए अपनी पहचान बनाने में सफल रहा है। खासकर प्रतियोगी परीक्षाओं में अनियमितताओं के खिलाफ इसके विरोध प्रदर्शन और कैंपेन ने बड़ी संख्या में छात्रों को जोड़ने का काम किया है। जंतर-मंतर जैसे प्रमुख स्थलों पर आयोजित प्रदर्शनों के माध्यम से यह पार्टी खुद को एक मजबूत युवा आवाज के रूप में स्थापित करने की दिशा में लगातार प्रयासरत है।

सोनम वांगचुक भी पहुंचे

प्रदर्शन में सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक भी शामिल हुए। इससे आंदोलन को और अधिक मजबूती मिली। अभिजीत दीपके अपने साथ संविधान की प्रति लेकर पहुंचे और प्रदर्शनकारियों ने आंबेडकर की तस्वीरें और संविधान के पोस्टर भी हाथों में लिए हुए थे।

भारी पुलिस बल तैनात

प्रदर्शन के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए दिल्ली के विभिन्न इलाकों में भारी पुलिस बल तैनात किया गया। पैरामिलिट्री फोर्स और दिल्ली पुलिस के जवानों को चप्पे-चप्पे पर तैनात किया गया था। हरियाणा से आने वाले कई छात्रों और समर्थकों को रास्ते में ही रोक दिया गया।

प्रदर्शन के दौरान नारेबाजी

प्रदर्शन के दौरान छात्रों और समर्थकों ने शिक्षा मंत्री के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की। कई प्रदर्शनकारी कॉकरोच के मास्क पहनकर पहुंचे थे, जो इस आंदोलन का प्रतीक बना हुआ था। करीब पांच घंटे तक चले इस प्रदर्शन में युवाओं का खासा उत्साह देखने को मिला।

Back to top button