
जबलपुर। वर्तमान समय में उद्योग व्यापार जगत से जुड़े अधिकांश व्यवसायी बंधु तनावग्रस्त जीवन जी रहे हैं, जिससे वे लंबी अवधि में विभिन्न रोगों से जाने-अनजाने ग्रस्त हो जाते हैं। जबलपुर के करदाताओं में दीर्घायु जीवन, उत्तम स्वास्थ्य एवं तनाव रहित जीवन को जीने की कला पर एक अद्भुत कार्यशाला ‘निरामय’ का आयोजन 1 मार्च, रविवार को किया जा रहा है। प्रदेश की शीर्ष उद्योग व्यापार संस्था फेडरेशन ऑफ मध्य प्रदेश चैंबर्स ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री तथा डायवेल कोर फाउंडेशन जबलपुर के संयुक्त तत्वाधान में आयोजित इस कार्यशाला में व्यापारियों को उनके स्वास्थ्य के प्रति जागरूक एवं सचेत किया जाएगा।
यह है उद्देश्य
फेडरेशन के उपाध्यक्ष हिमांशु खरे ने जानकारी दी कि आधुनिक जीवनशैली के परिप्रेक्ष्य में शारीरिक स्वास्थ्य, मानसिक संतुलन एवं आंतरिक प्रसन्नता का समन्वय आज समय की आवश्यकता बन गया है। सभी वर्गों के व्यक्ति बढ़ते तनाव से जूझ रहे हैं। इसी उद्देश्य से ‘निरामय’ का आयोजन किया जा रहा है, जिसमें प्रख्यात चिकित्सक एवं विशेषज्ञ स्वास्थ्य संवर्धन, तनाव प्रबंधन एवं संतुलित जीवनशैली से संबंधित व्यवहारिक मार्गदर्शन प्रदान करेंगे।
उन्होंने कहा कि आज स्वास्थ्य को लेकर विभिन्न भ्रांतियां सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर प्रचारित होती रहती हैं, जिनकी कोई प्रामाणिकता नहीं होती। अक्सर लोग गलत जानकारी का शिकार बन जाते हैं। व्यापारी वर्ग के लिए स्वयं के लिए समय निकालना कठिन होता है तथा स्वास्थ्य संतुलन के प्रति प्राथमिकता कम रहती है। इस कार्यशाला में उत्तम स्वास्थ्य की पद्धतियों पर विस्तार से प्रकाश डाला जाएगा।
स्वस्थ जीने की कला सिखाई जाएगी
डायवेल कोर फाउंडेशन के अध्यक्ष सुप्रसिद्ध चिकित्सक डॉ. परिमल स्वामी ने बताया कि जबलपुर में अपनी तरह का यह पहला आयोजन है, जिसमें स्वस्थ जीवन जीने की कला एवं पद्धतियों को आसान तकनीक और तरीकों से समझाया जाएगा। रिवर्सल ऑफ हार्ट डिजीज पर सुप्रसिद्ध हृदय रोग विशेषज्ञ डॉ. योगेश मेहता मुंबई से कार्यक्रम में शामिल होंगे। वे उपस्थित व्यापारियों के प्रश्नों का उत्तर देंगे और उनकी भ्रांतियों को दूर करेंगे।
डॉ. स्वामी ने बताया कि कार्यक्रम में वीडियो एवं लाइव प्रस्तुतीकरण के माध्यम से आधुनिक स्वास्थ्य पद्धतियों से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा, जिससे सभी को दीर्घकालीन लाभ प्राप्त हो सके।
कार्यशाला का लाभ उठाने की अपील
बैठक में उपस्थित हिमांशु राय, गीता शरत तिवारी, इंद्र कुमार खन्ना, सुनील श्रीवास्तव, संजय श्रीवास्तव एवं सीए मनीष कौशल ने बताया कि व्यापारियों के अलावा चार्टर्ड अकाउंटेंट, टैक्स विशेषज्ञ, अधिवक्ता, डॉक्टर सहित विभिन्न प्रोफेशनल वर्ग भी इस महत्वपूर्ण कार्यशाला का लाभ ले सकते हैं।
इस अवसर पर दीपक सेठी, मनु शरत तिवारी, मुनींद्र मिश्रा, नीता नारंग, अंजना तिवारी, अभिषेक जैन, मनीष केसरी, विनोद शर्मा, डॉक्टर पीपरा, सुनील पांडेय, मज़हर खान आदि ने सभी व्यवसायियों से आग्रह किया कि वे ‘निरामय’ के इस बहुपयोगी आयोजन में भाग लेकर अपने जीवन को नई दिशा प्रदान करें।