
पन्ना। दक्षिण पन्ना वनमंडल द्वारा ग्रीन इंडिया मिशन की आजीविका मद के तहत ग्रामीण युवतियों एवं महिलाओं को कौशल विकास के साथ स्वरोजगार से जोड़ने की दिशा में पहल की गई है। रक्षाबंधन पर्व से पहले मोहन्द्रा एवं शाहनगर वन परिक्षेत्र की 60 प्रशिक्षित युवतियों एवं महिलाओं को सिलाई मशीनें वितरित की गईं। सिलाई मशीन मिलने के बाद अब ये महिलाएं अपने गांव और घर से ही सिलाई का काम शुरू कर आय अर्जित कर सकेंगी।

60 महिलाओं को मिला प्रशिक्षण और रोजगार का साधन
ट्रेनिंग पार्टनर कैरियर पॉइंट लिमिटेड के माध्यम से मोहन्द्रा एवं आसपास के गांवों की 30 युवतियों को सैंपलिंग टेलर तथा शाहनगर के रोहनिया एवं आसपास के गांवों की 30 युवतियों एवं महिलाओं को सेल्फ एम्प्लॉयड टेलर का प्रशिक्षण दिया गया था। प्रशिक्षण पूर्ण होने के बाद उन्हें स्वरोजगार शुरू करने के लिए सिलाई मशीनें उपलब्ध कराई गईं।
इस पहल से प्रशिक्षण प्राप्त करने वाली युवतियों और महिलाओं को अपने हुनर का उपयोग कर घर या गांव में ही काम शुरू करने का अवसर मिलेगा। इससे उन्हें आय का साधन उपलब्ध होने के साथ आत्मनिर्भर बनने की दिशा में भी आगे बढ़ने का अवसर मिलेगा।

रोजगार मेले में भी मिले थे अवसर
वन विभाग एवं कैरियर पॉइंट के प्रयासों से अप्रैल-मई में रोजगार मेले का आयोजन किया गया था। इसमें रेनवियर निर्माता कंपनी न्यू ज़ील फैशनवियर प्राइवेट लिमिटेड द्वारा कई प्रशिक्षित युवतियों को करीब 15 से 16 हजार रुपये प्रतिमाह वेतन पर रोजगार के अवसर दिए गए थे।
हालांकि पारिवारिक एवं अन्य कारणों से कई युवतियां बाहर जाकर नौकरी नहीं कर सकीं। ऐसी स्थिति में प्रशिक्षण प्राप्त युवतियों एवं महिलाओं को स्थानीय स्तर पर ही रोजगार से जोड़ने के उद्देश्य से सिलाई मशीन उपलब्ध कराने की पहल की गई।
अभिभावकों को भी किया गया जागरूक
मशीन वितरण कार्यक्रम के साथ विशेष संवेदीकरण एवं संवाद सत्र भी आयोजित किया गया। इसमें युवतियों और उनके अभिभावकों से महिला आर्थिक सशक्तिकरण, स्वयं की आय तथा आत्मनिर्भरता के महत्व पर चर्चा की गई।
कार्यक्रम के दौरान परिवारों से युवतियों एवं महिलाओं को रोजगार और स्वरोजगार के अवसर अपनाने में सहयोग करने का आग्रह किया गया। संवाद सत्र का उद्देश्य परिवारों को यह समझाना भी रहा कि स्थानीय स्तर पर उपलब्ध रोजगार के अवसर महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।
गांव में ही स्वरोजगार का अवसर
मोहन्द्रा कार्यक्रम में वनमंडल अधिकारी अनुपम शर्मा, उपवनमंडल अधिकारी रचना शर्मा, परिक्षेत्र अधिकारी राहुल मिश्रा सहित वन विभाग एवं प्रशिक्षण संस्था के प्रतिनिधि उपस्थित रहे। वहीं शाहनगर में परिक्षेत्र अधिकारी राजुल कटारे, उप वन क्षेत्रपाल राम सरोवन पांडे, प्रशिक्षण पर्यवेक्षक सुशील वर्मा सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे। दोनों कार्यक्रमों में प्रशिक्षणार्थियों के अभिभावकों ने भी सहभागिता की।
कौशल को आजीविका से जोड़ने की पहल
दक्षिण पन्ना वनमंडल की यह पहल कौशल प्रशिक्षण को वास्तविक आजीविका से जोड़ने का प्रयास है। जिन युवतियों के लिए बाहर जाकर नौकरी करना संभव नहीं है, वे सिलाई मशीन के माध्यम से अपने गांव में ही स्वरोजगार शुरू कर सकेंगी।
रक्षाबंधन से पहले मिली ये मशीनें प्रशिक्षण प्राप्त युवतियों एवं महिलाओं के लिए उनके हुनर को आय और आत्मनिर्भरता में बदलने का माध्यम बनेंगी। स्थानीय स्तर पर रोजगार का अवसर मिलने से वे परिवार की आर्थिक स्थिति को मजबूत करने में भी योगदान दे सकेंगी।
रिपोर्ट: राकेश कुमार शर्मा