
पन्ना। एटीएम कार्ड बदलकर राशि आहरण करने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार किया। आरोपी पर पहले से ही एटीएम कार्ड बदलकर राशि हड़पने के मामले दर्ज हैं।
शफी मोहम्मद (उम्र 75 वर्ष), ने थाना अजयगढ़ में रिपोर्ट दर्ज कराई कि एक अज्ञात व्यक्ति ने उनका एटीएम कार्ड बदलकर ₹1 लाख 03 हजार 150/- की राशि का आहरण कर लिया है। इस रिपोर्ट पर थाना अजयगढ़ में विवेचना प्रारंभ की गई।
पुलिस अधीक्षक पन्ना नवेदिता नायडू के निर्देशन में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक वंदना सिंह एवं एसडीओपी अजयगढ़ राजीव सिंह भदौरिया के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी अजयगढ़ के नेतृत्व में सायबर सेल टीम पन्ना को शामिल कर एक संयुक्त विशेष पुलिस टीम गठित की गई।
उक्त पुलिस टीम द्वारा सीसीटीवी फुटेज एवं तकनीकी साक्ष्यों का विश्लेषण कर आरोपी की पहचान की गई। इसी क्रम में मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि आरोपी पुनः अजयगढ़ थाना क्षेत्र में देखा गया है। सूचना पर गठित टीम द्वारा तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी को अजयगढ़–चंदला रोड स्थित बीरा चौकी के पास से अभिरक्षा में लिया गया।
बाद में प्राप्त पुष्ट जानकारी के आधार पर आरोपी भीष्म प्रताप सिंह को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया। उसके पास 39 एटीएम कार्ड ₹1,03,150/- नगद एवं घटना मे प्रयुक्त मोटर सायकिल कुल मशरूका 220000 रूपए की जप्त की गई। मामले मे आरोपी के कब्जे से प्राप्त ए.टी.एम की जांच कर विवेचना की जा रही जिसमे अन्य पीड़ितो की पहचान कर अग्रिम कार्यवाही की जावेगी।
इस तरह करता था वारदात
आरोपी एटीएम के बाहर पहले से रैकी करता था। जैसे ही कोई बुजुर्ग या असहाय व्यक्ति पैसे निकालने के लिए एटीएम में प्रवेश करता, आरोपी सहायता करने के बहाने उसके पास पहुँच जाता था। पीड़ित का एटीएम कार्ड अपने हाथ में लेकर वह बुजुर्ग व्यक्ति से पासवर्ड दर्ज करवाता और चालाकी से पासवर्ड देख लेता।
इसके बाद वह पीड़ित का असली एटीएम कार्ड बदलकर दूसरा कार्ड पकड़ाकर कहता कि “एटीएम खराब है”, “मशीन में पैसे नहीं हैं” या “सर्वर डाउन है”। पीड़ित भ्रमित होकर वापस चला जाता और आरोपी उसी असली एटीएम कार्ड व प्राप्त पासवर्ड का उपयोग कर अन्य एटीएम से पैसे निकाल लेता था।
सराहनीय योगदान
थाना प्रभारी अजयगढ़ निरीक्षक बखत सिंह ठाकुर, चौकी प्रभारी बीरा सउनि रामकृष्ण पाण्डेय, एच.सी. राठौर, प्र.आर. शंकर प्रताप, अशोक अहिरवार, तेजभान, आर. अमित द्वेदी, भूपाल सिंह रोहित मिश्रा, अरुण प्रताप एवं सायबर सेल टीम का सराहनीय योगदान रहा।
रिपोर्ट: राकेश कुमार शर्मा