क्षय केंद्र के लैब टेक्नीशियन से 2500 रुपये रिश्वत लेते लोकायुक्त टीम ने लिपिक को रंगे हाथ पकड़ा

सीएमएचओ कार्यालय में लोकायुक्त की ट्रैप कार्रवाई से हड़कंप

पन्ना। जिले में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी कार्यालय में लोकायुक्त पुलिस की ट्रैप कार्रवाई ने हड़कंप मचा दिया। स्थापना शाखा के लिपिक विमल खरे को अवकाश स्वीकृत करवाने के एवज में क्षय केंद्र के लैब टेक्नीशियन से ₹2500 की रिश्वत लेते हुए लोकायुक्त की टीम ने रंगे हाथ पकड़ लिया।

टेप रिकॉर्डिंग के बाद जाल बिछाया गया

पन्ना जिला मुख्यालय टीवी वार्ड में पदस्थ लैब टेक्नीशियन दिलीप डामोर निवासी ग्राम नवापाड़ा, तहसील थांदला जिला झाबुआ से निजी कार्य के लिए ₹2500 की रिश्वत मांगी जा रही थी। शिकायत दर्ज होने पर लोकायुक्त टीम सागर ने इसकी तस्दीक की। एक पुलिस आरक्षक को पन्ना भेजा गया, जिसने तस्दीक पूर्ण की और रिश्वत लेने वाले कर्मचारी विमल खरे का टेप रिकॉर्ड किया गया।

निरीक्षक रोशनी जैन के नेतृत्व में कार्रवाई

8 अक्टूबर 2025 को निरीक्षक रोशनी जैन के नेतृत्व में लोकायुक्त टीम सागर — जिसमें निरीक्षक कमल उईके, प्रधान आरक्षक, सफीक खान, आरक्षक अरविंद नायक, राघवेंद्र सिंह, गोल्डी पासी और आदेश तिवारी शामिल थे — दोपहर लगभग 12:30 बजे सीएमएचओ कार्यालय पन्ना पहुंची और उन्होंने कंप्यूटर ऑपरेटर लिपिक विमल खरे को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों पकड़ लिया।

देर शाम तक चली कार्रवाई

जैसे ही लोकायुक्त टीम का छापा पड़ा, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी के कार्यालय में हड़कंप मच गया। टीम ने देर शाम तक लिखापढ़ी संबंधी कार्रवाई कार्यालय में ही की। इसके बाद जमानत पर अभियुक्त विमल खरे को छोड़ दिया गया।

पन्ना में रिश्वतखोरी का खेल जारी

ज्ञात हो कि पन्ना जिले में रिश्वतखोरी का खेल बड़े पैमाने पर चल रहा है। शिक्षा, स्वास्थ्य, पुलिस, वन विभाग और राजस्व विभाग में लोकायुक्त पुलिस की कार्यवाहियों के बावजूद भ्रष्टाचार कम होने का नाम नहीं ले रहा। हाल ही में अमानगंज थाना में भी लोकायुक्त ने एक कर्मचारी को रिश्वत लेते पकड़ा था और अब स्वास्थ्य विभाग के सीएमएचओ कार्यालय में फिर से कंप्यूटर ऑपरेटर रिश्वत लेते पकड़ा गया है। अब देखना यह है कि पन्ना जिले में यह रिश्वतखोरी का सिलसिला कब थमेगा।

रिपोर्ट: राकेश कुमार शर्मा 

Back to top button