Sharad Purnima 2025: पन्ना में दस दिवसीय अंतर्राष्ट्रीय शरद पूर्णिमा महोत्सव की धूम

सुप्रसिद्ध महामति श्री प्राणनाथ मंदिर में देश विदेश से पहुंचे हजारों श्रद्धालु सुंदरसाथ

पन्ना। प्रणामी संप्रदाय के सबसे बड़े तीर्थ पद्मावतीपुरी धाम पन्ना में दस दिवसीय शरद पूर्णिमा महोत्सव भक्ति भाव के साथ शुरू हो गया है। इस अनूठे आयोजन में शामिल होने तथा प्रेम के रस में डूबने के लिए समूचे देश से संतो सहित हजारों की संख्या में सुन्दरसाथ पद्मावतीपुरी धाम पन्ना पहुंच चुके हैं। इस शुभ अवसर पर परमहंस शिरोमणि सदानंद महाराज जी व संत मोहन प्रियाचार्य जी व देश विदेश से आए हजारों की संख्या में श्रद्धालु सुंदरसाथ इस महोत्सव में शिरकत कर रहे हैं।

अनवरत चल रहे संगीतमय कार्यक्रम

पद्मावतीपुरी धाम पन्ना जी में दशहरा के बाद से मंदिर में लगातार संगीतमयी कार्यक्रम के साथ प्रवचन चल रहे हैं। 108 श्री प्राणनाथ जी मंदिर ट्रस्ट ने सुन्दरसाथ के लिए सारी व्यवस्था की है। दूर देश से आए श्रद्धालु सुन्दरसाथ जी के लिए भोजन एवं ठहरने की व्यवस्था की गई है। संत समाज द्वारा लगातार धर्म चर्चा की जा रही है। सभी मंदिरो में पूजा-अर्चना के साथ अन्य कार्यक्रम आयोजित हो रहे हैं।

शरद पूर्णिमा को होगा मुख्य समारोह

सोमवार 6 अक्टूबर को अंतर्राष्ट्रीय शरद पूर्णिमा महोत्सव का भव्यता के साथ आयोजन होने जा रहा है। मंदिर ट्रस्ट से आयोजन की सारी व्यवस्था की जा चुकी है। सुबह से मंदिर में प्रवचन के साथ रंगमंचीय कार्यक्रम आयोजित होंगे। रात 11 बजे रास के रमैया की जयकारों के साथ श्री जी की सवारी बंगला जी से रास मंडल जाएगी। विशाल सुन्दरसाथ जी के समूह के साथ श्रीजी की सवारी का भव्य स्वागत होगा जिसकी एक झलक पाने के लिए श्रद्धालु लालायित रहते हैं। प्राणनाथ प्यारे के जयकारों के साथ पन्ना नगरी गुंजाएमान होगी।

प्राणनाथ मंदिर ट्रस्ट व्दारा आयोजित किए जा रहे अंतर्राष्ट्रीय शरद पूर्णिमा महोत्सव की सारी तैयारी की गई है, लेकिन देश विदेश से आए सुन्दरसाथ के लिए सुरक्षा के लिए पुलिस प्रशासन को सतर्क रहना होगा। लोगों के अनुसार पिछले वर्षों में चोरी और लोगों की जेब काटने के कई मामले आए थे। समारोह में हजारों की तादाद में देश के विभिन्न प्रांतों से श्रद्धालु पन्ना पहुंचे हैं। मंदिर प्रबंधन नें पुलिस प्रशासन से सुन्दरसाथ की सुरक्षा को दृष्टिगत रखते हुए व्यवस्था चुस्त रखने की मांग की है।

रिपोर्ट: राकेश कुमार शर्मा

Back to top button