
पन्ना। अंतरराष्ट्रीय शरद पूर्णिमा महोत्सव-2026 के आयोजन को लेकर पन्ना में तैयारियां तेज हो गई हैं। 20 अक्टूबर से शुरू होने वाले महोत्सव में श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ को देखते हुए प्रशासन, पुलिस और पन्ना धाम ट्रस्ट व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देने में जुटे हैं। इसी सिलसिले में पूर्व कैबिनेट मंत्री एवं पन्ना विधायक बृजेन्द्र प्रताप सिंह ने ट्रस्ट पदाधिकारियों के साथ तैयारियों की समीक्षा की। वहीं, पुलिस अधिकारियों ने सुरक्षा, भीड़ नियंत्रण और यातायात व्यवस्था को लेकर बैठक कर जरूरी व्यवस्थाओं पर चर्चा की।

विधायक ने ट्रस्ट पदाधिकारियों से की चर्चा
विधायक बृजेन्द्र प्रताप सिंह ने पन्ना धाम ट्रस्ट के पदाधिकारियों से महोत्सव की तैयारियों और आयोजन से जुड़ी व्यवस्थाओं की जानकारी ली। उन्होंने कार्यक्रम में सहभागिता करने के साथ ही महोत्सव को सफल बनाने के लिए हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया। इस दौरान श्रद्धालुओं की सुविधाओं और आयोजन को व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने के विभिन्न पहलुओं पर विचार-विमर्श किया गया।

सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन की तैयारियों पर जोर
महोत्सव के दौरान सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के उद्देश्य से भंडार जी कार्यालय में बैठक आयोजित की गई। इसमें अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक वंदना चौहान, उपमंडल पुलिस अधिकारी आनंद तिवारी, थाना प्रभारी रोहित मिश्रा और यातायात प्रभारी नीलम लक्षकार सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
बैठक में ट्रस्ट पदाधिकारियों और न्यासियों के साथ श्रद्धालुओं की सुरक्षा, भीड़ का व्यवस्थित संचालन, यातायात प्रबंधन और कानून-व्यवस्था बनाए रखने से जुड़े विषयों पर चर्चा हुई। आयोजन के दौरान किसी भी तरह की अव्यवस्था से बचने के लिए पुलिस और ट्रस्ट के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने पर भी जोर दिया गया।

श्रद्धालुओं को पेयजल और स्वच्छता सुविधाएं उपलब्ध कराने की तैयारी
महोत्सव में पहुंचने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पेयजल, साफ-सफाई और अन्य मूलभूत व्यवस्थाओं पर भी चर्चा की गई। पद्मावती वार्ड (धाम मोहल्ला) के पार्षद प्रतिनिधि अल्पेश शर्मा ने नगर पालिका की ओर से शुद्ध पेयजल, स्वच्छता, फायर ब्रिगेड और अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने का भरोसा दिलाया।
ट्रस्ट के पदाधिकारी और न्यासी रहे उपस्थित
बैठक के दौरान ट्रस्ट के उपाध्यक्ष दयाकृष्ण दुबे, सचिव प्रेमकिशोर शर्मा, प्रबंधक आशीष धामी तथा न्यासी राजेश शर्मा, दीपराज शर्मा, प्रेम शर्मा और नरेंद्र धामी सहित अन्य लोग उपस्थित रहे। महोत्सव को सुचारु रूप से संपन्न कराने के लिए विभिन्न व्यवस्थाओं के बीच समन्वय बनाने और श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने पर जोर दिया गया।
रिपोर्ट: राकेश कुमार शर्मा