पन्ना में पूज्य राजेंद्र दास जी बोले- स्वयंप्रकट श्री जुगल किशोर सरकार की सेवा बड़ा सौभाग्य

पन्ना। श्री श्री 1008 श्री जुगल किशोर सरकार सप्तनिधि धाम मंदिर में गुरु पूर्णिमा महोत्सव के अंतर्गत आयोजित श्रीमद्भागवत महापुराण कथा के प्रथम दिवस परमपूज्य अग्रमलूक पीठाधीश्वर पूज्य श्री राजेंद्र दास जी महाराज ने श्रद्धालुओं को कथा का रसपान कराया। इस अवसर पर पूर्व मंत्री एवं पन्ना विधायक बृजेंद्र प्रताप सिंह ने देशभर से पधारे संत-महात्माओं, अतिथियों एवं श्रद्धालुओं का स्वागत करते हुए कहा कि भगवान श्री जुगल किशोर सरकार की कृपा से पन्ना की पावन भूमि धन्य है और यह आयोजन उनकी दिव्य महिमा को जन-जन तक पहुंचाने का माध्यम बनेगा।

स्वयंप्रकट हैं श्री जुगल किशोर सरकार

कथा के दौरान पूज्य श्री राजेंद्र दास जी महाराज ने कहा कि पन्नावासियों का परम सौभाग्य है कि स्वयंप्रकट श्री जुगल किशोर सरकार यहां विराजमान हैं। उन्होंने बताया कि श्री जुगल किशोर सरकार सप्तनिधियों में से एक हैं, जो संत श्री हरिराम व्यास जी महाराज की सेवा से प्रकट हुए थे। इन दिव्य विग्रहों का निर्माण किसी मूर्तिकार ने नहीं किया, बल्कि वे स्वयं भक्तों को दर्शन देने के लिए प्रकट हुए हैं। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार वृंदावनवासियों को भगवान श्रीकृष्ण की सेवा का सौभाग्य प्राप्त हुआ, उसी प्रकार पन्नावासियों को भी श्री जुगल किशोर सरकार की सेवा का दुर्लभ अवसर मिला है।

धार्मिक परंपरा और धाम के विकास की सराहना

पूज्य महाराज ने बृजेंद्र प्रताप सिंह के परिवार की आध्यात्मिक परंपरा का उल्लेख करते हुए कहा कि यह उनकी छठी पीढ़ी है, जो भगवान की सेवा और धर्मकार्य से जुड़ी हुई है। उन्होंने कहा कि भगवान की विशेष कृपा से ही इतना विशाल धार्मिक आयोजन संभव हो सका है।

इस अवसर पर पूज्य श्री किशोर दास जी महाराज ने बुंदेलखंड को संतों की तपोभूमि बताते हुए कहा कि पन्ना का सौभाग्य है कि यहां स्वयंप्रकट श्री जुगल किशोर सरकार विराजमान हैं।

रावतपुरा सरकार ने बताई पन्ना की आध्यात्मिक महिमा

पूज्य रावतपुरा सरकार ने कहा कि जब भी वे पन्ना आते हैं तो उन्हें वृंदावन की अनुभूति होती है। उन्होंने श्री जुगल किशोर सरकार धाम के विकास में बृजेंद्र प्रताप सिंह तथा खजुराहो सांसद विष्णुदत्त शर्मा के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि उनके प्रयासों से धाम की पहचान देशभर में लगातार बढ़ रही है।

आध्यात्मिक पर्यटन का प्रमुख केंद्र बनेगा पन्ना

पूर्व मंत्री एवं विधायक बृजेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि इस आयोजन का उद्देश्य केवल धार्मिक कार्यक्रम आयोजित करना नहीं, बल्कि श्री जुगल किशोर सरकार की दिव्य महिमा को देश-दुनिया तक पहुंचाना है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि अधिकाधिक श्रद्धालुओं के आगमन से पन्ना भविष्य में आध्यात्मिक पर्यटन का प्रमुख केंद्र बनकर उभरेगा।

भक्तिमय माहौल में हुआ प्रथम दिवस का समापन

कथा के प्रथम दिवस खजुराहो सांसद विष्णुदत्त शर्मा सहित अनेक संत-महात्मा, जनप्रतिनिधि एवं हजारों श्रद्धालु उपस्थित रहे। पूरे मंदिर परिसर में श्री जुगल किशोर सरकार के जयघोष, भजन-कीर्तन और आध्यात्मिक उल्लास से भक्तिमय वातावरण बना रहा।

रिपोर्ट: राकेश कुमार शर्मा 

Back to top button