
राकेश कुमार शर्मा
पन्ना। बुंदेलखंड के ऐतिहासिक तीर्थधाम श्री जुगल किशोर सरकार मंदिर में आयोजित विशाल श्रीमद् भागवत कथा एवं भक्तमाल रासलीला महोत्सव को लेकर पूरे पन्ना नगर में धार्मिक उत्साह चरम पर पहुंच गया है। पन्ना विधायक एवं पूर्व मंत्री बृजेंद्र प्रताप सिंह के मार्गदर्शन में आयोजित इस भव्य धार्मिक आयोजन में देशभर से संत-महात्मा शामिल हो रहे हैं।
हजारों श्रद्धालुओं के साथ निकली भव्य शोभायात्रा
कथा महोत्सव के शुभारंभ अवसर पर बुधवार को नगर में भव्य कलश एवं शोभायात्रा निकाली गई, जिसमें हजारों श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। शोभायात्रा श्री जुगल किशोर सरकार मंदिर से प्रारंभ होकर बड़ा बाजार चौराहा, बलदेवजी मंदिर, कटरा बाजार, कोतवाली चौराहा और गांधी चौक से होते हुए पुनः मंदिर परिसर पहुंचकर संपन्न हुई। पूरे मार्ग में श्रद्धालुओं ने जयघोष और भजन-कीर्तन के साथ वातावरण को भक्तिमय बना दिया।
पीली साड़ियों में सजी महिलाओं की कलश यात्रा बनी आकर्षण का केंद्र
शोभायात्रा का सबसे आकर्षक दृश्य हजारों महिलाओं की कलश यात्रा रही। पीली साड़ियों में सुसज्जित महिलाएं सिर पर कलश धारण कर भक्ति भाव से नगर भ्रमण करती नजर आईं। वहीं विभिन्न वाहनों पर विराजमान संत-महात्माओं का श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा कर स्वागत किया। भजन-कीर्तन मंडलियों की मधुर प्रस्तुतियों ने पूरे नगर को भक्तिरस में सराबोर कर दिया।
तोरण द्वारों और फूलों से सजा पूरा नगर
श्रीमद् भागवत कथा महोत्सव के अवसर पर पन्ना नगर को आकर्षक तोरण द्वारों, रंग-बिरंगी सजावट और फूलों से सजाया गया है। प्रमुख मार्गों और चौराहों पर स्वागत द्वार बनाए गए हैं, जिससे पूरे शहर में किसी बड़े धार्मिक पर्व जैसा वातावरण दिखाई दे रहा है।
आज से शुरू होगी श्रीमद् भागवत कथा
कलश यात्रा के उपरांत गुरुवार से श्रीमद् भागवत कथा का विधिवत शुभारंभ होगा। आयोजन समिति के अनुसार प्रतिदिन कथा के साथ संतों के प्रेरणादायी प्रवचन, भजन संध्या एवं अन्य धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। कथा स्थल पर प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है।
गुरु पूर्णिमा पर होगा विशाल भंडारा
आयोजन के अंतर्गत 29 जुलाई को गुरु पूर्णिमा के अवसर पर स्थानीय पॉलिटेक्निक मैदान में विशाल भंडारे का आयोजन किया जाएगा। आयोजन समिति का दावा है कि इस अवसर पर लाखों श्रद्धालु प्रसाद ग्रहण करेंगे।
पहली बार इतने बड़े स्तर पर धार्मिक आयोजन
स्थानीय नागरिकों के अनुसार पन्ना नगर में पहली बार इतने व्यापक स्तर पर श्रीमद् भागवत कथा एवं धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। आगामी एक पखवाड़े तक नगर में धार्मिक उल्लास का वातावरण बना रहेगा और श्रद्धालु कथा, रासलीला तथा संतों के दिव्य प्रवचनों का लाभ प्राप्त करेंगे।