पीएम मोदी बने सबसे अधिक समय तक सरकार चलाने वाले पहले नेता

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देश में सबसे अधिक समय तक सरकार चलाने वाले पहले नेता बन गए हैं। वे तीन बार गुजरात के सीएम रहे और उसके बाद लगातार तीसरी बार देश के प्रधानमंत्री बनकर सरकार चला रहे हैं। दोनों कार्यकाल को मिलाकर वह सबसे अधिक 8931 दिनों से सरकार का नेतृत्व करने वाले पहले नेता बन गए हैं।

इस तरह रिकॉर्ड तोड़ा

मोदी ने सिक्किम के पूर्व सीएम पवन कुमार चामलिंग के 8930 दिनों के रिकॉर्ड को तोड़ दिया है। चामलिंग 12 दिसंबर 1994 से 26 मई 2019 तक रहे। नवीन पटनायक ओडिशा के पूर्व सीएम 5 मार्च 2000 से 12 जून 2024 तक 8866 दिन तक रहे। पश्चिम बंगाल के पूर्व सीएम ज्योति बसु 21 जून 1977 से 5 नवंबर 2000 तक 8536 दिन तक रहे। अरुणाचल प्रदेश के सीएम गेगॉन्ग अपांग 18 जनवरी 1980 से 19 जनवरी 1999 तक और 4 अगस्त 2003 से 9 अप्रैल 2007 तक 8506 दिन तक रहे।

यहां भी आगे

देश में लगातार पीएम रहने के मामले में पीएम मोदी ने पूर्व पीएम इंदिरा गांधी को पीछे छोड़ दिया है। इंदिरा गांधी लगातार 4077 दिन पीएम रहीं, जबकि पीएम मोदी लगातार 4318 दिन से पीएम हैं। मोदी गुजरात के सीएम 7 अक्टूबर 2001 से 22 मई 2014 तक रहे। देश के पीएम 26 मई 2014 से लगातार हैं। जवाहरलाल नेहरू के बाद मोदी लगातार तीन कार्यकाल तक नियुक्त होने वाले एकमात्र प्रधानमंत्री हैं। मोदी के नेतृत्व में लगातार तीसरी बार गैर कांग्रेस सरकार बनी है। वे आजादी के बाद जन्मे पहले पीएम हैं।

Back to top button