देश में अंतर-राज्यीय टूरिज्म हेलीकॉप्टर सेवा शुरू करने वाला पहला राज्य बना मध्यप्रदेश

जबलपुर। मप्र में पीएम श्री पर्यटन हेलीकॉप्‍टर सेवा 20 नवंबर से शुरू हो गई। देश में अंतर-राज्यीय टूरिज्म हेलीकॉप्टर सेवा शुरू करने वाला मप्र पहला राज्य बन गया है। इस सेवा की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि उज्जैन और ओंकारेश्वर ज्योर्तिलिंग तक की यात्रा अब मात्र 20–40 मिनट में संभव होगी, जबकि भोपाल से पचमढ़ी तक की यात्रा भी केवल एक घंटे में पूरी हो जाएगी।

पर्यटन विकास की दिशा में बड़ा कदम- मंत्री धर्मेंद्र भाव सिंह लोधी

पर्यटन, संस्कृति एवं धार्मिक न्यास एवं धर्मस्व राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) धर्मेंद्र भाव सिंह लोधी ने कहा कि पीएम श्री पर्यटन हेलीकॉप्टर सेवा मध्यप्रदेश में पर्यटन विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है, जिसका उद्देश्य धार्मिक, प्राकृतिक, वन्यजीव और वेलनेस आधारित सभी प्रमुख पर्यटन स्थलों को तेज और सुगम हवाई संपर्क प्रदान करना है। प्रदेश में बढ़ती पर्यटक संभावनाओं को देखते हुए यह सेवा न केवल यात्रियों के समय की बचत करेगी, बल्कि उन्हें अधिक सुरक्षित, सुविधाजनक और किफायती यात्रा अनुभव भी उपलब्ध कराएगी। यह पहल पर्यटन क्षेत्र में नए निवेश, अधिक रोजगार और पर्यटन सेवाओं के विस्तार का मार्ग प्रशस्त करेगी, जिससे प्रदेश की अर्थव्यवस्था और पर्यटन क्षमता को नई ऊर्जा मिलेगी।

एकीकृत हवाई नेटवर्क बनाने की दिशा में अभिनव प्रयास- शिव शेखर शुक्ला

अपर मुख्य सचिव पर्यटन, संस्कृति, गृह और धार्मिक न्यास एवं धर्मस्व तथा प्रबंध संचालक, मध्यप्रदेश टूरिज्म बोर्ड श्री शिव शेखर शुक्ला ने कहा कि पीएम श्री पर्यटन हेलीकॉप्टर सेवा मध्य प्रदेश के प्रमुख धार्मिक, वन्यजीव, सांस्कृतिक और प्राकृतिक स्थलों को एक एकीकृत हवाई नेटवर्क के माध्यम से जोड़ने का अभिनव प्रयास है। कम समय में गंतव्य तक पहुंच और किफायती किराए जैसी विशेषताओं के कारण यह सेवा यात्रियों के अनुभव को अत्यंत सहज और आकर्षक बनाएगी। यह पहल हाई-वैल्यू टूरिज़्म, साहसिक पर्यटन और आध्यात्मिक पर्यटन को बढ़ावा देगी तथा घरेलू और अंतर्राष्ट्रीय पर्यटकों की संख्या में उल्लेखनीय वृद्धि सुनिश्चित करेगी।

धार्मिक सेक्टर- उज्जैन-ओंकारेश्वर के दर्शन अब मिनटों में

धार्मिक सेक्टर के अंतर्गत इंदौर–उज्जैन–ओंकारेश्वर मार्ग को जोड़ा गया है। इंदौर से उज्जैन तक 20 मिनट की उड़ान का अनुमानित किराया ₹5,000, उज्जैन से ओंकारेश्वर तक 40 मिनट की उड़ान का किराया ₹6,500 और ओंकारेश्वर से इंदौर लौटने का किराया लगभग ₹5,500 रखा गया है। इस सेक्टर के माध्यम से श्रद्धालु एक ही दिन में महाकालेश्वर और ओंकारेश्वर दोनों ज्योर्तिलिंगों के दर्शन आसानी से कर सकेंगे।

जबलपुर से पीएमश्री हेलीकॉप्टर सेवा का शुभारंभ

जबलपुर में भेड़ाघाट से पीएमश्री हेलीकॉप्‍टर सेवा शुरू हुई। जबलपुर से कान्‍हा और बांधवगढ़ पहुंचना अब आसान हो गया है। जबलपुर से पीएमश्री हेलीकॉप्‍टर सेवा का शुभारंभ लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह ने किया। यह पर्यटन सेवा सप्‍ताह में पांच दिन पर्यटकों के लिए उपलब्‍ध रहेगी। जिसमें पर्यटक कान्‍हा और बांधवगढ़ हेलीकॉप्‍टर से पहुंच सकेंगे।

लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह ने कहा कि जबलपुर टेरिस्‍ट हब है। यहां पर पर्यटन की बहुत संभावनाएं हैं। मुख्‍यमंत्री मोहन यादव की दूरदर्शी सोच ने मप्र में यह पर्यटन सेवा शुरू की है। इसमें जबलपुर को जोड़ा है। जिसके माध्‍यम से पर्यटक कान्‍हा, बांधवगढ़, मैहर, चित्रकूट जा सकेंगे और वापस आ सकेंगे। अब पर्यटक सीमित समय में अधिक से अधिक पर्यटन स्‍थल पहुंचकर पर्यटन कर सकेंगे। इस अवसर पर विधायक अशोक रोहाणी, नीरज सिंह, नगर निगम अध्‍यक्ष रिकुंज विज, भाजपा के नगर अध्‍यक्ष रत्‍नेश सोनकर, ग्रामीण अध्‍यक्ष राजकुमार पटेल, कलेक्‍टर राघवेंद्र सिंह व अन्‍य अधिकारी उपस्थित थे।

वेलनेस सेक्टर- भोपाल से पचमढ़ी तक सहज, तेज और किफायती यात्रा

वेलनेस सेक्टर में भोपाल से मढ़ई तक 40 मिनट की उड़ान का अनुमानित किराया ₹4,000 तथा मढ़ई से पचमढ़ी तक 20 मिनट की उड़ान का किराया ₹3,000 है। इसके अतिरिक्त भोपाल से पचमढ़ी के लिए एक घंटे की सीधी उड़ान भी उपलब्ध रहेगी, जिसका किराया ₹5,000 प्रति यात्री है। पचमढ़ी में जॉय-राइड्स का विकल्प भी उपलब्ध होगा, जिससे प्रकृति–आधारित अनुभव और भी आकर्षक बनेगा।

वाइल्डलाइफ़ सेक्टर- कान्हा–बांधवगढ़ सहित प्रमुख स्थलों तक तेज पहुंच

वाइल्डलाइफ़ सेक्टर में जबलपुर को मैहर, चित्रकूट, कान्हा, बांधवगढ़ और अमरकंटक से जोड़ा गया है। इनमें जबलपुर से मैहर की उड़ान का किराया ₹5,000, मैहर से चित्रकूट ₹2,500, जबलपुर से कान्हा ₹6,250, बांधवगढ़ ₹3,750 तथा अमरकंटक के लिए एक घंटे की उड़ान का किराया ₹5,000 होगा। इस तेज कनेक्टिविटी से पर्यटक कम समय में अधिक स्थलों का भ्रमण कर सकेंगे।

आसान बुकिंग और विश्वसनीय संचालन

सेवा की बुकिंग www.flyola.in, https://air.irctc.co.in/flyola और https://transbharat.in/ पर उपलब्ध होगी। यह सेवा लोक–निजी भागीदारी (PPP) मॉडल पर संचालित होगी तथा तीन वर्षों के अनुबंध के अंतर्गत विभिन्न सेक्टरों में सिंगल या ट्विन इंजन हेलीकॉप्टरों का संचालन किया जाएगा। प्रत्येक हेलीकॉप्टर में कम से कम छह यात्री सीटें होंगी और सेवा सप्ताह में पाँच दिन नियमित रूप से उपलब्ध रहेगी।

Back to top button