Rahul Gandhi: राहुल गांधी कल भोपाल में, कांग्रेस नेताओं की जोरशोर से तैयारी

भोपाल। सांसद राहुल गांधी मंगलवार को भोपाल पहुंच रहे हैं। वे यहां कांग्रेस के सभी संगठन के प्रमुखों की बैठक लेंगे। राहुल गांधी के स्वागत के लिए कांग्रेस नेताओं ने एयरपोर्ट से कांग्रेस कार्यालय तक स्वागत की तैयारी की है। भोपाल शहर में पोस्टर वार चल रहा है।
कांग्रेस के पदाधिकारी जाति जनगणना पर केंद्र सरकार की घोषणा को लेकर राहुल गांधी को धन्यवाद प्रस्ताव भी देंगे। कांग्रेस नेताओं का कहना है कि राहुल गांधी ने ही जाति जनगणना कराने का मुद्दा उठाया था और सरकार पर लगातार दबाव बनाया कि सरकार जाति जनगणना कराए। केंद्र सरकार को अंततः राहुल गांधी की बात माननी पड़ी और केंद्र सरकार ने जाति जनगणना कराने की घोषणा की।
आब्जर्वर आए
एआईसीसी से 61 आब्जर्वर भोपाल पहुंचे हैं। भोपाल में संगठन की मजबूती को लेकर कड़ाई से कुछ निर्णय लिए जाएंगे। कांग्रेस का संगठन सृजन अभियान भी लॉन्च होगा। जिसमें संगठन को नए सिरे से प्रभावी बनाने कार्य किया जाएगा। गुजरात मॉडल की तर्ज पर संगठन के अध्यक्षों की क्षमता को परखा जाएगा। इसके लिए जो विंग के अध्यक्ष हैं उनके इंटरव्यू लिए जाएंगे। जिसमें देखा जाएगा कि वे उस पद के योग्य हैं कि नहीं।
पूरे प्रदेश से कार्यकर्ता पहुंच रहे
राहुल गांधी के भोपाल आगमन को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं में उत्साह है। हालांकि जबलपुर में जय हिंद महासभा में राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा के न आने से कार्यकर्ताओं में उदासी थी वहीं भाजपा खेमे को चुटकी लेने का भी मौका मिल गया। भोपाल में राहुल गांधी के आगमन को लेकर कांग्रेस उत्साह में है।

Related Articles

Back to top button