कांग्रेस का सरप्रराइज अनशन – पीएम आवास के पास राहुल गांधी का अप्रत्‍याशित धरना

नई दिल्ली। कांग्रेस ने मंगलवार शाम संसद में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के नेतृत्व में प्रधानमंत्री आवास के निकट 7, लोक कल्याण मार्ग के पास अचानक धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया। राहुल गांधी के साथ कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, प्रियंका गांधी सहित कई वरिष्ठ नेता भी धरने पर बैठे। हाई सिक्योरिटी जोन में हुए इस प्रदर्शन से सुरक्षा एजेंसियां सक्रिय हो गईं।

राहुल गांधी से मिलने पहुंचे जितेंद्र सिंह

धरना शुरू होने की सूचना मिलते ही केंद्रीय राज्य मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह मौके पर पहुंचे और राहुल गांधी से बातचीत की। राहुल गांधी ने अपनी बात रखी, लेकिन धरना समाप्त नहीं किया। इसके बाद डॉ. जितेंद्र सिंह केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात कर दोबारा धरना स्थल पहुंचे और राहुल गांधी से फिर चर्चा की, हालांकि कांग्रेस नेताओं ने प्रदर्शन जारी रखा।

धीरे-धीरे जुटने लगे कांग्रेस कार्यकर्ता

धरने की सूचना फैलते ही कांग्रेस के अन्य नेता और कार्यकर्ता भी 7, लोक कल्याण मार्ग की ओर पहुंचने लगे। हाई सिक्योरिटी जोन को देखते हुए पुलिस ने कई स्थानों पर बैरिकेडिंग कर कार्यकर्ताओं को रोकने का प्रयास किया।

शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग

कांग्रेस नेता संदीप दीक्षित ने कहा कि राहुल गांधी पिछले दो महीने से पेपर लीक के मुद्दे को लगातार उठा रहे हैं। उनका कहना है कि देशभर में छात्र इस मुद्दे पर आंदोलन कर रहे हैं और विपक्ष का दायित्व है कि वह छात्रों के साथ खड़ा रहे। कांग्रेस ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे, छात्रों की मांगें पूरी करने तथा पेपर लीक और छात्रों पर कथित लाठीचार्ज के मुद्दे पर संसद में चर्चा कराने की मांग की है।

जंतर-मंतर पर भी जारी है प्रदर्शन

जंतर-मंतर पर सीजेपी का धरना प्रदर्शन भी जारी है। इस प्रदर्शन में अरविंद केजरीवाल, सुप्रिया सुले और संजय सिंह सहित कई विपक्षी नेता शामिल हुए।

आम आदमी पार्टी ने कसा तंज

राहुल गांधी के धरने के बाद आम आदमी पार्टी ने कांग्रेस पर निशाना साधा। सांसद संजय सिंह ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सीजेपी के धरने का प्रभाव कम करने के लिए कांग्रेस को प्रधानमंत्री आवास के सामने धरने पर बैठा दिया है।

Back to top button