
जबलपुर। संस्कारधानी जबलपुर में रामनवमी के पावन अवसर पर श्री सनातन धर्म महासभा द्वारा निकाली जाने वाली भगवान श्रीराम की भव्य शोभायात्रा इस वर्ष भी पारंपरिक रूप से आयोजित की जाएगी। महासभा की स्थापना वर्ष 1980 से निरंतर आयोजित हो रही यह यात्रा इस बार 46वीं बार निकाली जा रही है। रामनवमी के अवसर पर यह विशाल शोभायात्रा कल सायंकाल 6 बजे श्री सनातन धर्म तिराहा, पुराना मोटर स्टैंड से प्रारम्भ होगी।
संतों के सानिध्य में निकलेगी श्रीराम प्राकट्योत्सव यात्रा
यह शोभायात्रा श्रीमद् जगतगुरु डॉ. स्वामी नृसिंहदेवाचार्य जी महाराज एवं पूज्य संतों के सानिध्य में निकाली जाएगी। यात्रा में श्रद्धालु, विभिन्न धार्मिक संस्थाएं और सामाजिक संगठन शामिल होकर भगवान श्रीराम के जयकारों के साथ भक्ति और आस्था का वातावरण निर्मित करेंगे।
31 झांकियां होंगी आकर्षण का केंद्र
श्री सनातन धर्म महासभा के अध्यक्ष श्याम साहनी, अशोक मनोध्या, गुलशन मखीजा, लक्की भाटिया, अनिल तिवारी, नीता चावला और मनोज शर्मा ने बताया कि शोभायात्रा में इस वर्ष कुल 31 झांकियां शामिल होंगी। इनमें श्री राम मंदिर मदन महल की लगभग 15 झांकियां, श्री कृष्ण मंदिर गोरखपुर से 5 तथा श्री कृष्ण मंदिर छोटी ओमती से 4 झांकियां शामिल रहेंगी।
इसके अलावा गायत्री परिवार, नरसिंह मंदिर, इस्कॉन की भजन मंडली, चैतन्य महाप्रभु संकीर्तन मंडल सहित अनेक समाजों और संस्थाओं की भजन मंडलियां, बैंड दल और पारंपरिक चाचर नृत्य दल भी इस भव्य शोभायात्रा का हिस्सा बनेंगे।
हनुमान चालीसा के सामूहिक पाठ से होगा यात्रा का प्रारम्भ
महासभा की युवा विंग के संयोजक अंशुल मलिक, आशीष खुराना, जतिन नारंग, अमित सिंह और मनीष पोपली ने बताया कि शोभायात्रा का प्रारम्भ युवाओं द्वारा सामूहिक हनुमान चालीसा के पाठ से किया जाएगा। इसके पश्चात संतों का स्वागत वंदन किया जाएगा और आतिशबाजी के साथ शोभायात्रा का शुभारम्भ होगा।
गोविन्दगंज रामलीला मंच पर होगा शोभायात्रा का समापन
महासभा की गीता पांडे, डॉ. वाणी अहलूवालिया, अंजू भार्गव, कविता दुबे, कुसुम चौबे, प्रवेश खेड़ा, विष्णु पटेल, विध्येश भापकर और संदीप मिश्रा ने बताया कि शोभायात्रा का समापन श्री गोविन्दगंज रामलीला समिति के मंच पर होगा। समापन से पूर्व वृंदावन श्रीधाम से पधारे स्वामी अरविन्द जी महाराज द्वारा संगीतमय राम कथा का आयोजन किया जाएगा, जिसके बाद धर्मसभा के साथ कार्यक्रम का समापन होगा।
धर्मावलंबियों से यात्रा में शामिल होने की अपील
नगर पंडित सभा के पूर्व अध्यक्ष आचार्य वासुदेव शास्त्री, अध्यक्ष पं. रामेश्वर दुबे, संतोष शास्त्री, रोहित दुबे, डॉ. सुधीर अग्रवाल, राजेंद्र प्यासी, लोकराम कोरी, केके शुक्ला, विजय सरावगी, धनवंत राय सेठी और हरीश सभरवाल ने सभी धर्मावलंबियों से रामनवमी की इस भव्य शोभायात्रा में शामिल होकर भगवान श्रीराम के दर्शन का लाभ लेने की अपील की है।