
जबलपुर। सावन के पवित्र माह में जबलपुर में धार्मिक आस्था का अद्भुत दृश्य देखने को मिला। सावन के दूसरे सोमवार को शहर में भव्य “संस्कार कांवड़ यात्रा” का आयोजन किया गया, जिसमें हजारों शिवभक्तों ने भाग लिया। कांवड़ यात्रा की शुरुआत गौरीघाट से हुई, जहां श्रद्धालुओं ने मां नर्मदा का पूजन कर नर्मदा जल संग्रहित किया। जल के साथ-साथ हर श्रद्धालु एक-एक पौधा लेकर यात्रा में शामिल हुआ, जिससे पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया गया।
35 किलोमीटर की यात्रा में भक्तों ने दिया पर्यावरण जागरूकता का संदेश
गौरीघाट से प्रारंभ होकर यह यात्रा लगभग 35 किलोमीटर लंबी रही, जिसका समापन कैलाशधाम में हुआ। रास्ते भर “बम-बम भोले” के जयकारों की गूंज सुनाई दी। यात्रा में शामिल श्रद्धालु नर्मदा जल से भरी कांवड़ और पौधे लेकर चले। यह दृश्य केवल धार्मिक आस्था का नहीं, बल्कि पर्यावरण के प्रति जागरूकता का भी प्रतीक बना।

कांवड़ यात्रा के स्वागत में उमड़ा जनसैलाब
कांवड़ यात्रा के मार्ग में जगह-जगह स्थानीय समाजसेवियों, व्यापारियों और धार्मिक संगठनों द्वारा श्रद्धालुओं का स्वागत किया गया। कहीं फूल बरसाए गए, तो कहीं शीतल जल और प्रसाद वितरण की व्यवस्था की गई। कई स्थानों पर भजन-संध्या और सांस्कृतिक आयोजन भी हुए, जिससे यात्रा का माहौल पूरी तरह भक्ति में रंग गया। कांवड़ यात्रा में दादा गुरु समर्थ श्री भैया जी सरकार, संस्कार कांवड़ यात्रा जबलपुर के शिव यादव, नीलेश रावल, केबिनेट मंत्री प्रहलाद सिंह पटेल, विधायक अभिलाष पांडे अशोक रोहाणी, लखन घनघोरिया, महापौर जगत बहादुर सिंह अन्नू भैया सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु और भक्तजन मौजूद रहे।

कैलाशधाम में हुआ भगवान शिव का जलाभिषेक
गंतव्य स्थल कैलाशधाम में श्रद्धालुओं ने भगवान शिव का नर्मदा जल से अभिषेक किया। हर भक्त ने अपने मन की मुराद के साथ जल चढ़ाया और सुख-शांति, समृद्धि की कामना की। कैलाशधाम परिसर में भव्य झांकी, रुद्राभिषेक और भजन कीर्तन का आयोजन किया गया, जिसमें हजारों की संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।

संस्कार कांवड़ यात्रा बनी जबलपुर की पहचान
संस्कार कांवड़ यात्रा अब जबलपुर की एक विशेष पहचान बनती जा रही है। हर वर्ष इसमें श्रद्धालुओं की संख्या में वृद्धि हो रही है। इस बार यात्रा में कांवड़ियों की संख्या हजारों में रही, जिनमें महिलाएं, युवा, बुजुर्ग सभी ने भाग लिया। आयोजकों ने पूरी यात्रा को सुव्यवस्थित तरीके से संचालित किया, जिसमें सुरक्षा, स्वास्थ्य और सफाई का विशेष ध्यान रखा गया।

कांवड़ यात्रा का किया भव्य स्वागत
कांवड़ यात्रा का स्वागत लार्डगज थाने के सामने पार्षद सोनिया रंजीत सिंह, प्रतिभा विध्येश भापकर, जगदीश साहू, मनोज नारंग, राजेन्द्र व्यौहार, रंजीत सिंह ठाकुर, विवेकानंद मंडल अध्यक्ष योगेश बिलोहा, महामंत्री राहुल बेन, आलोक चनपुरिया, मनोज साहू, चिन्मय जोशी, श्रीमती गीता साहू, रोशनी नारंग सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु भक्तों ने कांवड़ियों को जलपान करा पुष्प वर्षा कर भगवान भोलेनाथ के श्रीविग्रह को बिल्व पत्र अर्पित किया।
फोटो: रवीन्द्र विश्वकर्मा