
भोपाल। राजधानी के रवींद्र भवन में आयोजित भव्य समारोह में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने वर्ष 2023 के लिए शिखर खेल अलंकरण प्रदान किए। इस अवसर पर उत्तराखंड में आयोजित 38वें राष्ट्रीय खेलों में पदक हासिल करने वाले प्रदेश के 121 खिलाड़ियों को भी सम्मानित किया गया।
रवींद्र भवन का सभागार खिलाड़ियों, उनके परिजनों और खेल प्रेमियों से खचाखच भरा था। कई खिलाड़ी अपने माता-पिता या भाई-बहनों के साथ पहुंचे, जबकि जो खिलाड़ी अभ्यास या अन्य कारणों से उपस्थित नहीं हो सके, उनके स्थान पर परिजनों ने यह सम्मान ग्रहण किया।
पुरस्कार और सम्मान राशि
विक्रम पुरस्कार, विश्वामित्र पुरस्कार विजेता प्रशिक्षक और लाइफ टाइम अचीवमेंट सम्मान पाने वालों को दो-दो लाख रुपये व स्मृति चिह्न दिए गए। वहीं, एकलव्य सम्मान प्राप्त खिलाड़ियों को एक-एक लाख रुपये और स्मृति चिह्न प्रदान किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता खेल मंत्री विश्वास सारंग ने की। इस मौके पर खेल विभाग के प्रमुख सचिव मनीष सिंह, संचालक राकेश गुप्ता, उप सचिव अजय श्रीवास्तव और संयुक्त संचालक बीएस यादव भी मौजूद रहे।
एकलव्य पुरस्कार विजेता
रितुराज बुंदेला (शूटिंग), भूमि बघेल (कयाकिंग-कैनोइंग – स्लालम), कृष्णा मिश्रा (स्क्वैश), पूजा दांगी (फेंसिंग), प्रभाकर सिंह राजावत (रोइंग), नेहा ठाकुर (सेलिंग), प्रखर जोशी (तैराकी), अर्जुन वास्कले (एथलेटिक्स), प्रियांशी प्रजापत (कुश्ती), अंकित पाल (हॉकी) और गौरव पचौरी (पावरलिफ्टिंग)।
विक्रम पुरस्कार विजेता
ऐश्वर्य प्रताप सिंह तोमर (शूटिंग), जान्हवी श्रीवास्तव (कयाकिंग एवं कैनोइंग), रागिनी मार्को (तीरंदाजी), शिवानी पवार (कुश्ती), श्रुति यादव (बॉक्सिंग), यामिनी मौर्य (जूडो), सचिन भार्गो (खो-खो), नीलू डाडिया (हॉकी), प्रवीण कुमार दवे (सॉफ्टबॉल), रूबिना फ्रांसिस (शूटिंग – दिव्यांग श्रेणी) और अपूर्व दुबे (पावरलिफ्टिंग)।
विश्वामित्र पुरस्कार विजेता
पीजूष कांती बारोई (कयाकिंग एवं कैनोइंग), अशोक कुमार यादव (तीरंदाजी) और लोकेन्द्र शर्मा (हॉकी)।
भावना डेहरिया का मामला
पर्वतारोही भावना डेहरिया को विक्रम पुरस्कार देने की घोषणा हुई थी, लेकिन इस पर आपत्ति दर्ज होने के बाद उच्च न्यायालय की इंदौर पीठ ने पुरस्कार वितरण पर रोक लगा दी। भावना अपने पति और बेटे के साथ समारोह में आई थीं। खेल मंत्री विश्वास सारंग ने कहा कि सरकार न्यायालय के आदेश का सम्मान करती है, इसलिए उन्हें पुरस्कार नहीं दिया गया।