Janmashtami 2025: समरस भाव से निकले योगेश्वर भगवान श्रीकृष्ण के जन्म पर शोभायात्रा

जबलपुर। सनातन धर्म महासभा के तत्वावधान में प्रतिवर्षानुसार श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर निकलने वाली भव्य शोभायात्रा की तैयारियों पर चर्चा हेतु समरसता सेवा संगठन की बैठक पूज्य जगतगुरु स्वामी नरसिंहदास जी महाराज की पावन उपस्थिति में श्री अन्नपूर्णा मंदिर, कबूतरखाना निवाड़गंज में आयोजित की गई।

समरसता ही सनातन धर्म

बैठक में पूज्य जगद्गुरु नृसिंह पीठाधीश्वर डॉ. स्वामी नृसिंह दास जी महाराज ने अपने आशीर्वचन में कहा कि समरस समाज ही सनातन धर्म है। भगवान जीवों पर कृपा करने के लिए जगत में अवतार लेते हैं। उन्होंने कहा कि प्राणी मात्र की सेवा ही भगवान की पूजा है। हम सभी परमात्मा के अंश हैं, इसलिए सभी के साथ समान व्यवहार करना चाहिए।

स्वामी जी ने कहा कि सनातन धर्म की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि वह पशु, पक्षी, जल, वायु, पत्थर और मानव — सभी में भगवान को देखता है। यही भाव सभी सनातन धर्मियों को एक सूत्र में पिरोता है। भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव पर निकाली जाने वाली शोभायात्रा में समरस भाव से सम्मिलित होना ही सच्चा पुण्य है।

शोभायात्रा की भव्यता पर जोर

बैठक में उपस्थित जनों ने यह सुझाव दिए कि इस बार की शोभायात्रा अधिक भव्य और आकर्षक होनी चाहिए। प्रचार-प्रसार के लिए सोशल मीडिया का प्रभावी उपयोग किया जाए और यात्रा मार्ग में व्यापारी वर्ग से एक दिन पूर्व संपर्क कर उनसे स्वागत की अपील की जाए। विशेषकर हनुमानताल क्षेत्र में स्वागत मंच बनाए जाएं जिससे यात्रा का सौंदर्य और उत्साह दोनों बढ़े।

संदीप जैन बने शोभायात्रा के संयोजक

बैठक में समरसता सेवा संगठन के पदेन अध्यक्ष संदीप जैन को सनातन धर्म महासभा का संयोजक नियुक्त किया गया। इस अवसर पर पूज्य जगतगुरु स्वामी नरसिंहदास जी महाराज ने उन्हें भगवा पटका पहनाकर यह जिम्मेदारी सौंपी। इस दायित्व के तहत श्री जैन शोभायात्रा के समुचित संचालन और समरसता पूर्ण आयोजन की भूमिका निभाएंगे।

बैठक में सहभागिता

बैठक का संचालन समरसता सेवा संगठन के अध्यक्ष संदीप जैन ने किया और आभार प्रदर्शन संगठन के सचिव श्री उज्जवल पचौरी द्वारा किया गया। बैठक में उपस्थित प्रमुख जनों में श्याम साहनी, पं. वासुदेव शास्त्री, पं. संजय गोस्वामी, डॉ. अभिजात कृष्ण त्रिपाठी, आलोक पाठक, रामकुमार यादव, आभा दीपक साहू, राजेश रोहरा सहित कई अन्य गणमान्य नागरिकों ने सक्रिय रूप से सुझाव और मार्गदर्शन दिया।

अन्य उपस्थितजनों में शरद काबरा, प्रवेश खेड़ा, मनोज नारंग, विधवेश भापकर, प्रबोध पाठक, राजेश ठाकुर, विक्रम परवार, अजय यादव, महिपाल सिंह, राजेश केसरवानी, शरद चौरसिया, राहुल दुबे, सौरभ श्रीवास्तव, राज भटनागर, अभिषेक तिवारी, वासु जैन, सुरेंद्र शर्मा, विनीत यादव, सुरेश पांडे, सौरभ यादव टीटू, दीपक तिवारी एवं श्रीकांत साहू शामिल रहे।

Back to top button