पन्ना में भक्ति की अविरल धारा, श्रीमद्भागवत कथा के तीसरे दिन भक्तराज हिम्मतदास की महिमा का वर्णन

राकेश कुमार शर्मा

पन्ना। श्री श्री 1008 श्री जुगल किशोर सरकार मंदिर, सप्तनिधि धाम पन्ना में पूर्व मंत्री एवं पन्ना विधायक बृजेंद्र प्रताप सिंह के संयोजन में आयोजित श्रीमद्भागवत महापुराण कथा एवं गुरु पूर्णिमा महोत्सव के तीसरे दिन भक्ति, श्रद्धा और संत समागम का अनुपम दृश्य देखने को मिला। देश के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे संत-महात्माओं की उपस्थिति और हजारों श्रद्धालुओं की सहभागिता से पूरा पन्ना शहर भक्तिमय वातावरण में सराबोर नजर आया।

भक्तराज हिम्मतदास जी के जीवन चरित्र का भावपूर्ण वर्णन

परम पूज्य अग्रमलूक पीठाधीश्वर पूज्य श्री राजेंद्र दास जी महाराज ने अपने श्रीमुख से भक्तराज हिम्मतदास जी महाराज के जीवन चरित्र का अत्यंत भावपूर्ण वर्णन करते हुए कहा कि श्री जुगल किशोर सरकार अपने सच्चे भक्तों की हर परिस्थिति में रक्षा करते हैं। उन्होंने मंदिर परिसर में स्थापित भक्तराज हिम्मतदास जी के चित्रों का उल्लेख करते हुए कहा कि उनका जीवन प्रभु कृपा और निष्काम भक्ति का जीवंत उदाहरण है।

भक्ति और सेवा का अद्भुत जीवन

महाराज श्री ने बताया कि बरायछ ग्राम में जन्मे भक्तराज हिम्मतदास जी बचपन से ही संत सेवा, हरिनाम संकीर्तन और भगवान की भक्ति में लीन रहते थे। वे प्रतिदिन झांझ बजाते हुए पन्ना स्थित श्री जुगल किशोर सरकार के दर्शन के लिए आते थे। एक बार लुटेरों ने उनकी झांझ छीन ली, लेकिन कुछ ही दूर जाने पर उनकी दृष्टि चली गई। भक्तराज की प्रार्थना पर उन्होंने क्षमा मांगी, झांझ लौटाई और भगवान की कृपा से उनकी दृष्टि वापस लौट आई।

भगवान ने स्वयं निभाई भक्त की लाज

महाराज श्री ने भक्तराज के जीवन की उस प्रेरक घटना का भी वर्णन किया, जब संतों की सेवा के लिए उनकी धर्मपत्नी ने अपनी एकमात्र नथ गिरवी रख दी। बाद में स्वयं श्री जुगल किशोर सरकार भक्तराज का रूप धारण कर बनिए का पूरा हिसाब चुकाकर नथ वापस ले आए और उनकी पत्नी को पहनाई। इस प्रसंग के माध्यम से उन्होंने कहा कि भगवान अपने सच्चे भक्तों की लाज स्वयं रखते हैं।

सब कुछ प्रभु की कृपा से ही संभव है

कथा के दौरान पूज्य श्री राजेंद्र दास जी महाराज ने अत्यंत विनम्र भाव से कहा कि उनके जीवन में जो भी सम्मान, सेवा और अवसर प्राप्त हुए हैं, वे केवल श्री जुगल किशोर सरकार की असीम कृपा का परिणाम हैं। उनके इन भावपूर्ण वचनों से पूरा कथा पंडाल भक्ति भाव से ओतप्रोत हो गया।

प्रतिदिन उमड़ रही श्रद्धालुओं की भीड़

पूज्य गुरुदेव महंत श्री किशोर दास जी महाराज की विशेष उपस्थिति में श्रीमद्भागवत कथा निरंतर जारी है। प्रतिदिन सुबह 8:30 बजे मंदिर प्रांगण में भक्तमाल कथा का मूल पाठ भी आयोजित किया जा रहा है, जिसमें दूर-दूर से श्रद्धालु पहुंचकर भक्तों के दिव्य चरित्रों का श्रवण कर रहे हैं।

संतों और जनप्रतिनिधियों की रही गरिमामयी उपस्थिति

कथा में महंत श्री रामअनुग्रह दास जी महाराज (अजब धाम छोटे सरकार), मध्यप्रदेश शासन की पंचायत एवं ग्रामीण विकास राज्य मंत्री श्रीमती राधा सिंह, नगरीय विकास एवं आवास राज्य मंत्री श्रीमती प्रतिमा बागरी तथा मैहर विधायक श्रीकांत चतुर्वेदी सहित अनेक संत, जनप्रतिनिधि और श्रद्धालु उपस्थित रहे। सभी अतिथियों का स्वागत आयोजक एवं पूर्व मंत्री बृजेंद्र प्रताप सिंह ने किया।

भक्ति और आध्यात्मिक उल्लास से सराबोर हुआ पन्ना

गुरुपूर्णिमा महोत्सव और श्रीमद्भागवत कथा के चलते इन दिनों पन्ना धाम में साधु-संतों का विशाल जमावड़ा लगा हुआ है। नगर का वातावरण पूरी तरह भक्ति, सत्संग और आध्यात्मिक उल्लास से सराबोर है तथा बड़ी संख्या में श्रद्धालु श्री जुगल किशोर सरकार के दर्शन एवं कथा अमृत का लाभ प्राप्त कर रहे हैं।

Back to top button