
शिलांग। पुलिस हिरासत में आते ही सजा के खौफ से सोनम और राज कुशवाहा के बीच प्यार का बुखार उतरा गया है। सोनम के पति राजा रघुवंशी की हत्या में सोनम और राज कुशवाहा एक दूसरे पर दोष मढ़ रहे हैं। एक दूसरे को मास्टरमाइंड बता रहे हैं। वहीं सोनम के भाई गोविंद ने राजा रघुवंशी की मां उमा रघुवंशी से कल मुलाकात की। वह राजा की मां के गले लगकर रोया और कहा कि यदि सोनम दोषी है उसे फांसी की सजा होनी चाहिए। राज कुशवाहा और सोनम के प्यार के बारे में गोविंद का कहना है कि उसे इस बारे में पता नहीं है। शिलांग डीआईजी डेविस एनआर मारक ने मीडिया से चर्चा में कहा कि अब सोनम और राज कुशवाहा एक दूसरे को मास्टरमाइंड बता रहे हैं।
पांचों आरोपी पुलिस रिमांड पर
सोनम वा अन्य चार आरोपियों को कोर्ट ने बुधवार को आठ दिन की पुलिस रिमांड पर पुलिस को सौंपा है। वहीं पुलिस की पूछताछ जारी है। आरोपियों का आमना सामना भी कराया जाएगा। पुलिस सीन रिक्रिएशन के लिए पांचों आरोपियों को क्राइम स्पॉट पर भी ले जा सकती है। वहीं हवाला के पैसे की जानकारी भी इंदौर पुलिस को लगी है। राज कुशवाहा हवाला का पैसा सोनम की मौसी के बेटे जितेंद्र के अकाउंट में ट्रांसफर करता था।
सबूत छोड़ते गए आरोपी
घबराहट में आरोपी सबूत छोड़ते गए। जिससे मेघालय और इंदौर पुलिस को क्लू मिलता रहा। क्राइम स्पॉट पर आरोपियों के खून के छींटे पड़े कपड़े पुलिस को मिले, जिसमें एक जैकेट वही थी जिसे पुलिस ने सीसीटीवी कैमरा में सोनम को पहने देखा था। सोनम सूटकेस और मंगलसूत्र सोहरा के होमस्टे में छोड़ गई थी। पुलिस को यह भी संदिग्ध लगा।