
जबलपुर। रिमझिम बारिश के बीच श्रावण मास के सोमवार और गणेश चतुर्थी के शुभ संयोग पर श्रद्धालुओं की आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा। वार्ड क्रमांक 72 की पार्षद श्रीमती अर्चना सिसौदिया जी के संयोजन में विशाल ठनठन पाल कांवड़ यात्रा निकाली गई। यह यात्रा शिवपुत्री नर्मदा मैया के पवित्र संत घाट (लमेहटा घाट) से शुरू होकर चौकीताल, भेड़ा घाट बायपास, अधुआ, बहदन, रैगवा, लमती होते हुए कंचन विहार विजय नगर स्थित 12 ज्योतिर्लिंगों से युक्त कचनार सिटी शिव मंदिर पहुंची, जहां जलाभिषेक के साथ यात्रा का समापन हुआ।
हर पड़ाव पर हुआ श्रद्धा से स्वागत
यात्रा के दौरान ग्रामीणों और शिवभक्तों द्वारा जगह-जगह पुष्पवर्षा, स्वागत द्वार और वंदन के माध्यम से कांवड़ यात्रियों का अभिनंदन किया गया। डोल-नगाड़ों और भजन-कीर्तन से वातावरण भक्तिमय हो उठा। ग्रामीणों की सहभागिता ने इस यात्रा को एक अद्वितीय धार्मिक आयोजन में बदल दिया।
ग्रामीण श्रद्धालुओं की रही विशेष भागीदारी
कांवड़ यात्रा में विशेष रूप से लमती, रैगांव, वसा, कचनारी, सिमरिया के ग्रामीण भक्तों ने नर्मदा जल के साथ भगवान शिव का अभिषेक किया। प्रमुख श्रद्धालुओं में रामेश्वर श्रीवास, विष्णु चढ़ार, अभित ठाकुर, पुष्पेन्द्र सिंह, एस.पी. सोनी, बलराम यादव और प्रमोद पटेल प्रमुख रूप से शामिल रहे।
सामाजिक और राजनीतिक सहभागिता रही प्रभावी
इस कांवड़ यात्रा में जनप्रतिनिधियों की भी महत्वपूर्ण उपस्थिति रही। बरगी विधायक नीरज सिंह, आयोजनकर्ता अर्चना सिसौदिया, राजकुमार पटेल, शिव पटेल, पार्षद सोनिया रंजीत सिंह, प्रतिभा भापकर, मोनिका पुष्पेन्द्र सिंह, संध्या सिंह, महेश तिवारी, सरपंच वर्षा शिव पटेल, सीमा लोघी, वंदना आनंद, धीरज पटेल, समरसता सेवा संगठन प्रमुख संदीप जैन ‘गुड्डा’ के साथ-साथ भाजपा के नगर और ग्रामीण क्षेत्र के अनेकों पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं की भागीदारी रही।
नर्मदा जल से हुआ शिव का पावन जलाभिषेक
शिवभक्तों ने नर्मदा जल से शिव के 12 ज्योतिर्लिंगों का विधिवत जलाभिषेक किया। यह यात्रा न केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक बनी, बल्कि सामाजिक एकता, ग्रामीण सहभागिता और सामूहिक भक्ति का उदाहरण भी प्रस्तुत कर गई।