
जबलपुर। आषाढ़ी एकादशी के पावन अवसर पर आयोजित 18 दिवसीय विठ्ठल वारी महोत्सव के अंतर्गत गुरुवार को चेरीताल वार्ड स्थित श्री दुर्गा-हनुमान मंदिर, सरस्वती कॉलोनी में हरिनाम संकीर्तन एवं चक्रीय आरती का भव्य आयोजन हुआ। वारकरी भक्तों ने हरिनाम संकीर्तन करते हुए भगवान विठ्ठल-रखुमाई की आराधना की और पूरे क्षेत्र को भक्ति रस से सराबोर कर दिया।

हरि भक्ति ही जीवन का वास्तविक सार
कार्यक्रम में संतों एवं विद्वानों ने कहा कि हरि नाम का स्मरण ही जीवन का वास्तविक सार है। भगवत आराधना और भक्ति से भगवान प्रसन्न होते हैं तथा भक्तों के जीवन में सुख, शांति और आध्यात्मिक ऊर्जा का संचार होता है। भक्ति में लीन श्रद्धालुओं के लिए हरिनाम से बढ़कर कोई दूसरा आनंद नहीं होता।
हरिनाम संकीर्तन से गूंजे मार्ग
हरिनाम संकीर्तन यात्रा शिव शक्ति राम मंदिर से प्रारंभ होकर आसमानी माता मंदिर, सरस्वती उद्यान होते हुए सरस्वती कॉलोनी स्थित श्री दुर्गा-हनुमान मंदिर पहुंची। यात्रा में भगवान जगन्नाथ, दाऊ बलभद्र, देवी सुभद्रा तथा श्री विठ्ठल-रखुमाई के श्रीविग्रहों के साथ आलंदी (महाराष्ट्र) से पधारी संत ज्ञानेश्वर महाराज की पावन चरण पादुका श्रद्धालुओं के सिर पर विराजमान रही।
यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं ने “जय जय राम कृष्ण हरि”, “हरे कृष्ण हरे राम”, “राधे कृष्णा” तथा “विठ्ठल विठ्ठल विठ्ठला पांडुरंग विठ्ठला” जैसे भजनों का सामूहिक संकीर्तन किया। हरिनाम संकीर्तन से जबलपुर की सड़कों पर महाराष्ट्र के पंढरपुर वारी जैसा आध्यात्मिक वातावरण देखने को मिला।

पंच आरती एवं सामूहिक पाठ का आयोजन
श्री दुर्गा-हनुमान मंदिर पहुंचने पर श्रद्धालुओं ने भगवान विठ्ठल-रखुमाई की पंच आरती की। इसके उपरांत पसायदान पाठ एवं सामूहिक नर्मदा अष्टक का श्रद्धापूर्वक वाचन किया गया। पूरे आयोजन के दौरान भक्त भजन-कीर्तन और नामस्मरण में तल्लीन दिखाई दिए।
25 जुलाई को निकलेगी विठ्ठल वारी यात्रा
आषाढ़ी कार्तिकी वारी महामंडल द्वारा प्रतिवर्ष आयोजित सामाजिक समरसता विठ्ठल वारी यात्रा इस वर्ष 25 जुलाई को शाम 4 बजे दत्त मंदिर, गोलबाजार से प्रारंभ होकर विठ्ठल-रखुमाई मंदिर, राजा रसगुल्ला गली तक निकाली जाएगी। इसके पूर्व शहर के विभिन्न क्षेत्रों में 18 दिवसीय चक्रीय आरती एवं हरिनाम संकीर्तन का आयोजन किया जा रहा है।
बड़ी संख्या में श्रद्धालु रहे उपस्थित
इस अवसर पर आचार्य वासुदेव शास्त्री, जेडीए अध्यक्ष संदीप जैन, पूर्व महापौर स्वाति सदानंद गोडबोले, पार्षद प्रतिभा भापकर, पार्षद मोनिका पुष्पेंद्र सिंह, पार्षद सोनिया रंजीत सिंह, कीर्ति अभिलाष पांडे, नरेंद्र साहू, दिलीप पटेल, राजेंद्र व्यौहार, नरेंद्र खरे, प्रशांत गुप्ता, राजेश शर्मा, सुनील ताम्रकार, अनीता गुप्ता, संगीता व्यौहार, वर्षा दांडेकर, आभा रानडे, किशोरी सोनी, सदानंद गोडबोले, भास्कर वर्तक, राजा सोनोने, प्रशांत महानूर, वैभव मांडले, हेमंत पोहरकर, विध्येश भापकर सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।
17 जुलाई को त्रिमूर्ति नगर में होगी अगली चक्रीय आरती
आयोजन समिति के अनुसार 17 जुलाई को शाम 6 बजे चेरीताल वार्ड के त्रिमूर्ति नगर स्थित दुर्गा मंदिर (90 क्वार्टर) में हरिनाम संकीर्तन यात्रा एवं चक्रीय आरती का आयोजन किया जाएगा। समिति ने सभी श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर पुण्य लाभ अर्जित करने की अपील की है।
रिपोर्ट: विध्येश भापकर