जबलपुर में विठ्ठल भक्ति की गूंज, गजानन महाराज मंदिर में चक्रीय आरती, 25 को निकलेगी वारी

जबलपुर। संस्कारधानी जबलपुर में इन दिनों विठ्ठल भक्ति का अनुपम वातावरण देखने को मिल रहा है। शहर के विभिन्न क्षेत्रों में वारकरी परंपरा के अनुसार हरिनाम संकीर्तन, भजन, चक्रीय आरती और पदयात्राओं का आयोजन किया जा रहा है। “विठ्ठला उभे राहा घरी”, “विठ्ठल-विठ्ठल विठ्ठला पांडुरंग विठ्ठला” तथा “श्रीहरि विठ्ठल रखुमाई” के जयघोष से पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा। श्रद्धालु महाराष्ट्र के पंढरपुर की वारी की तर्ज पर हरिनाम संकीर्तन करते हुए शहर की सड़कों पर भक्ति की अलख जगा रहे हैं।

25 जुलाई को निकलेगी भव्य विठ्ठल वारी यात्रा

आषाढी कार्तिकी वारी महामंडल द्वारा प्रतिवर्ष देवशयनी एकादशी के अवसर पर आयोजित होने वाली विठ्ठल वारी एवं सामाजिक समरसता यात्रा इस वर्ष 25 जुलाई को शाम 4 बजे दत्त मंदिर, गोलबाजार से प्रारंभ होगी। यात्रा विभिन्न मार्गों से होती हुई विठ्ठल-रखुमाई मंदिर, राजा रसगुल्ला गली पहुंचेगी। आयोजन समिति के अनुसार यात्रा में हजारों श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है।

18 दिवसीय चक्रीय आरती का चल रहा आयोजन

वारी महोत्सव के उपलक्ष्य में शहर में 18 दिवसीय चक्रीय आरती का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में मंगलवार को प्रभात कॉलोनी, राज किराना स्टोर, यादव कॉलोनी और जय नगर से हरिनाम संकीर्तन यात्रा निकाली गई। यात्रा का समापन श्री गजानन महाराज मंदिर, यादव कॉलोनी में हुआ, जहां श्रद्धालुओं ने विठ्ठल-रखुमाई नामस्मरण, पंच आरती एवं सामूहिक नर्मदा अष्टक का पाठ किया।

भक्ति और सामाजिक समरसता का संदेश

आयोजकों ने बताया कि विठ्ठल वारी केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि सामाजिक समरसता, सेवा, प्रेम और एकता का संदेश देने वाली परंपरा है। वारकरी संतों की परंपरा से प्रेरित यह आयोजन लोगों को भक्ति के साथ समाज सेवा और सद्भाव का संदेश देता है।

बड़ी संख्या में शामिल हुए श्रद्धालु

चक्रीय आरती में स्वाति सदानंद गोडबोले, संतोष गोडबोले, पार्षद अंशुल राघवेंद्र यादव, पार्षद सोनिया रंजीत सिंह, भालचंद्र टांगसाळे, राकेश ताम्हणकर, प्रशांत कुलकर्णी, हेमंत पोहरकर, शैलेन्द्र सिंह, राकेश पटेल, प्रवीण मजूमदार, अभय सवडकर, सीमा तोफखानेवाले, दत्तात्रेय कुलकर्णी, चित्रा दुगवेकर, विनोद दीवे, माधुरी दिगवेकर, सदानंद गोडबोले, प्रवीण विप्रदास, संजय आप्टे, श्रीकांत बापट, सचिन नाजवाले, भास्कर वर्तक, राजेश तोपखाने वाले, विध्येश भापकर सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।

15 जुलाई को एचबी कॉलेज से निकलेगी अगली संकीर्तन यात्रा

आयोजन समिति ने बताया कि 15 जुलाई को शाम 6 बजे विवेकानंद वार्ड स्थित एचबी कॉलेज से हरिनाम संकीर्तन यात्रा प्रारंभ होगी। यह यात्रा रामेश्वरम कॉलोनी का भ्रमण करते हुए श्री सतगुरु दरबार पहुंचेगी, जहां चक्रीय आरती का आयोजन किया जाएगा। समिति ने सभी श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर विठ्ठल भक्ति का पुण्य लाभ अर्जित करने की अपील की है।

रिपोर्ट: विध्येश भापकर

Back to top button