व्हाट्सएप लिंक पर क्लिक करना पड़ा महंगा, साइबर ठगों ने युवक के खाते से ₹42,300 उड़ाए

हटा। दमोह जिले के मडियादो थाना क्षेत्र में साइबर ठगी का एक मामला सामने आया है। दिगी गांव निवासी साहित्य सिंह राजपूत साइबर अपराधियों का शिकार हो गए। अज्ञात हैकरों ने उनके बैंक खाते से अलग-अलग ट्रांजेक्शन कर कुल 42,300 रुपये निकाल लिए।

व्हाट्सएप लिंक पर क्लिक करते ही हुई ठगी

पीड़ित ने बताया कि उनके व्हाट्सएप पर एक फाइल के साथ लिंक आया था। लिंक पर क्लिक करने के कुछ समय बाद देर रात उनके खाते से करीब छह बार में ऑनलाइन ट्रांजेक्शन हुए और कुल 42,300 रुपये कट गए। मोबाइल पर ट्रांजेक्शन के संदेश आने के बाद उन्हें धोखाधड़ी का पता चला।

थाने और साइबर हेल्पलाइन में शिकायत

घटना की जानकारी मिलते ही साहित्य सिंह राजपूत मडियादो थाना पहुंचे, जहां उन्होंने मामले की लिखित शिकायत दर्ज कराई। साथ ही उन्होंने राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन पर भी शिकायत दर्ज कराकर राशि वापस दिलाने और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

पुलिस ने शुरू की जांच

पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है। वहीं लोगों से अपील की जा रही है कि व्हाट्सएप, सोशल मीडिया या किसी भी अनजान नंबर से प्राप्त लिंक, फाइल या APK डाउनलोड करने से बचें। किसी भी संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने से पहले उसकी सत्यता अवश्य जांच लें, ताकि साइबर ठगी से बचा जा सके।

रिपोर्ट: जिमी नगरिया

Back to top button