श्रीराम के आदर्शों पर वैश्विक विमर्श, जबलपुर में होगा वर्ल्ड रामायण कॉन्फ्रेंस, जानें तारीख

जबलपुर। आगामी 2, 3 एवं 4 जनवरी 2026 को चतुर्थ वर्ल्ड रामायण कॉन्फ्रेंस की रूपरेखा और कार्ययोजना तैयार करने हेतु आयोजन समिति की बैठक सत्य अशोक में संपन्न हुई। साध्वी ज्ञानेश्वरी दीदी ने बताया कि कल्याण बाबा जी के मुख्य संरक्षण में यह आयोजन किया जा रहा है, जिसमें स्वामी रामभद्राचार्य जी सहित अनेक संतों का आगमन होगा।

आयोजन समिति के अध्यक्ष अजय बिश्नोई ने बताया कि यह भव्य आयोजन केन्द्र सरकार, राज्य सरकार एवं नगर निगम जबलपुर के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित किया जा रहा है। राज्यसभा सांसद सुमित्रा वालमिकि ने इस सम्मेलन के माध्यम से युवाओं को जोड़ने पर बल दिया। वहीं स्वागत अध्यक्ष एवं महापौर जगत बहादुर सिंह “अन्नू” ने नगर निगम जबलपुर की ओर से एक स्वागत भोज आयोजित करने की घोषणा की।

उन्होंने बताया कि आईएनजीसीए के सहयोग से नगर निगम द्वारा “रामायण दर्शन प्रदर्शनी” का आयोजन किया जाएगा, जो मुख्य कार्यक्रम के कुछ दिन पूर्व से ही प्रारंभ होगी। विधायक अभिलाष पांडे एवं नगर निगम अध्यक्ष रिंकू विज ने उद्घाटन सत्र में केंद्र सरकार के वरिष्ठ मंत्रियों एवं संत समाज के गणमान्यजनों की उपस्थिति पर जोर दिया।

ऐतिहासिक पृष्ठभूमि और सहयोग

गढ़ा रामलीला समिति के संचालक पंडित अशोक मनोध्याय ने सम्मेलन की ऐतिहासिक पृष्ठभूमि पर प्रकाश डालते हुए बताया कि रामलीला समिति, ब्रह्मर्षि बाबरा मिशन समिति एवं सनातन धर्म महासभा का इस आयोजन में विशेष योगदान रहेगा। आयोजन समिति के एडवोकेट रवि रंजन और रामलीला समिति के अध्यक्ष राकेश पाठक ने कार्यकर्ताओं की तैयारियों के अवलोकन हेतु समय-समय पर उपसमितियों की बैठक आयोजित करने की आवश्यकता बताई।

आयोजन सचिव डॉ. अखिलेश गुमास्ता ने जानकारी दी कि इस आयोजन में विश्व के 20 देशों से रामायण के विद्वान भाग लेंगे। थाईलैंड एवं मॉरीशस से भी 8 से 10 सदस्यों का प्रतिनिधि मंडल आने वाला है, जिससे आयोजन को अंतरराष्ट्रीय स्वरूप मिलेगा।

बैठक में श्रद्धांजलि और धन्यवाद ज्ञापन

बैठक के प्रारंभ में 2016 से जुड़े प्रथम सदस्य श्री चंद्र कुमार मिश्र, डॉ. कृष्णकांत चतुर्वेदी और कार्यकर्ता तुषार सिधना को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। मध्यप्रदेश शासन के मंत्री श्री राकेश सिंह, जो पूर्व आयोजनों से ही मुख्य सलाहकार हैं, के सहयोग के प्रति साध्वी ज्ञानेश्वरी दीदी एवं पंडित अशोक मनोध्याय ने आभार व्यक्त किया।

इस अवसर पर नरेश ग्रोवर, रवि वाजपेई, अर्पित तिवारी, पंकज गौर, विनोद गोटिया, रत्नेश सोनकर, डॉ. जितेंद्र जामदार, शरद अग्रवाल, कमल ग्रोवर, पंकज शाह, संजय यादव, श्रीमती गीता शरद तिवारी, शैलजा सुल्लेरे, अर्चिता तिवारी, राजेश मिश्रा, अजय तिवारी, गुलशन माखिजा, मनोज नारंग, वह नय केसरवानी, आलोक पाठक, प्रदीप गुप्ता, पंकज श्रीवास्त्रे, विद्येश भापकर, नितिन भाटिया, रमाशंकर कटारे सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

मीडिया प्रभारी दिनेश मिश्रा ने सभी सदस्यों को दीपावली की शुभकामनाएं देते हुए पूर्ण मनोयोग से “राम काज लय लीन मन बिसरा तन कर छोह” भाव के साथ इस आयोजन में जुट जाने का आह्वान किया। बैठक में उपस्थित सभी सदस्यों के प्रति आभार व्यक्त किया गया।

Back to top button