
जबलपुर। नगर निगम जबलपुर के अधिकारियों एवं कर्मचारियों के लिए मई माह कई सौगातें लेकर आया। निगमायुक्त प्रीति यादव के मार्गदर्शन और निर्देशन में नगर निगम प्रशासन ने समय पर वेतन, पेंशन, ग्रेच्युटी, डीए, एरियर की तीसरी व चौथी किस्त, एनपीएस, जीपीएफ, अवकाश नगदीकरण, चिकित्सा प्रतिपूर्ति व चिकित्सा अग्रिम जैसी कई महत्वपूर्ण भुगतान योजनाओं का सफल क्रियान्वयन किया।
अपर आयुक्त (वित्त) प्रशांत गोटिया की निगरानी में यह सुनिश्चित किया गया कि समस्त कर्मचारियों को उनकी सुविधाएं समय पर प्राप्त हों। इसके चलते नगर निगम कर्मचारियों में खुशी की लहर दौड़ गई और उन्होंने निगमायुक्त के प्रति आभार जताया।
गौरतलब है कि इस माह निगम को चुंगी के रूप में अनुमानित 17.75 करोड़ की अपेक्षा केवल 11.43 करोड़ रुपये की प्राप्ति हुई, इसके बावजूद वेतन सहित सभी वित्तीय देनदारियों का समय पर भुगतान किया गया। यह निगम प्रशासन की कड़ी मेहनत और कुशल वित्तीय प्रबंधन का परिणाम है।
अपर आयुक्त प्रशांत गोटिया ने बताया कि नगर निगम प्रशासन भविष्य में भी इसी तरह कर्मचारियों और अधिकारियों के हितों को सर्वोपरि रखते हुए कार्य करता रहेगा। निगमायुक्त प्रीति यादव के नेतृत्व में कर्मचारियों के अधिकारों और कल्याण के प्रति निगम की प्रतिबद्धता स्पष्ट रूप से नजर आई है।
नगर निगम की इस पहल से कार्यरत जनशक्ति में नया उत्साह संचारित हुआ है, जो आने वाले समय में निगम कार्यों की गति को और बेहतर बनाएगा।