पूरा देश हमारी सेना और सैनिकों के चरणों में नतमस्तक-उप मुख्यमंत्री देवड़ा

जबलपुर। पूरा देश हमारी सेना और सैनिकों के चरणों में नतमस्तक है। यह कहना है उप मुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा का।
घंटाघर के समीप स्थित नेताजी सुभाष चन्द्र बोस कल्चरल एंड इन्फर्मेशन सेंटर आज भारत माता की जय, वंदे मातरम और भारत के सैनिकों की जय घोष से कई बार गूंजा। यहां आज सुबह सिविल डिफेंस वॉलिंटियर्स का प्रशिक्षण आयोजित किया गया था। प्रशिक्षण का शुभारंभ उप मुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा ने किया। श्री देवड़ा ने भी अपने संबोधन में भारत माता की जय और भारत के सैनिकों की जय के नारे लगाए।
उप मुख्यमंत्री ने प्रशिक्षण में शामिल युवाओं को संबोधित करते हुये आपदा की स्थिति में नागरिकों की सुरक्षा करने का उनके द्वारा लिये गये संकल्प को सराहनीय बताया। उन्होंने कहा कि युवाओं का यह संकल्प औरों को भी प्रेरणा देगा। श्री देवड़ा ने युवाओं से प्रशिक्षण प्राप्त करने के बाद आसपास के लोगों को भी आपदा में बचाव का प्रशिक्षण देने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि सिविल डिफेंस से सबंधित बातें प्राइमरी स्कूल से बच्चों को सिखाई जानी चाहिये।

उप मुख्यमंत्री ने पहलगाम की घटना का जिक्र करते हुये कहा कि आतंकवादियों की इस कायराना हरकत को लेकर लोगों के मन में बहुत क्रोध था। घटना के दिन से ही देश का हर नागरिक चाहता था कि उन आतंकवादियों से जिन्होंने हमारी बहन बेटियों का सिंदूर मिटाने का काम किया है और जो आतंकवादियों को पाल पोस रहे हैं उनसे बदला लिया जाये और उन्हें नेस्तनाबूत किया जाये।
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि पहलगाम की घटना का देश की सेना ने जिस तरह बदला लिया है, आज पूरा देश हमारी सेना और हमारे सैनिकों के चरणों में नत मस्तक है। श्री देवड़ा ने कहा कि हमारी सेना ने आतंकवादियों और उन्हें पालने पोसने वालों को जो जबाब दिया है जिसकी जितनी सराहना की जाये उतनी कम है। उप मुख्यमंत्री ने पहलगाम की घटना का बदला लेने की देश वासियों की आकांक्षाओं को पूरा करने के लिये प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को भी धन्यवाद दिया।
उप मुख्यमंत्री ने सिविल वॉलिंटियर्स के प्रशिक्षण के आयोजन के लिये जिला प्रशासन की सराहना करते हुये इसे अनुकरणीय बताया। उन्होंने कहा की सिविल डिफेंस वॉलिंटियर्स का यह प्रदेश का पहला ऐसा प्रशिक्षण है जिसका हर जिले को अनुसरण करना चाहिए। उन्होंने कहा कि इस तरह के प्रशिक्षण प्रदेश भर में हर जगह हों इसके प्रयास होंगे। श्री देवड़ा ने सिविल डिफेंस का प्रशिक्षण देने की शुरुआत स्कूलों से ही करने की आवश्यकता बताई। उन्होंने कहा कि वे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से इसके लिये आग्रह करेंगे। उप मुख्यमंत्री श्री जगदीश देवड़ा ने सिविल डिफेंस वॉलिंटियर्स को अपने संबोधन की शुरुआत भारत माता की जय के और संबोधन का समापन भारत के सैनिकों की जय के उद्घोष के साथ किया।
प्रशिक्षण को जबलपुर उत्तर क्षेत्र के विधायक डॉ अभिलाष पांडे ने भी संबोधित किया। प्रशिक्षण के शुभारंभ के कार्यक्रम में सिविल डिफेन्स प्रशिक्षण पुस्तिका का विमोचन किया गया तथा अतिथियों द्वारा वॉलिंटियर्स को प्रमाण पत्र भी प्रदान किये गये। कार्यक्रम में विधायक अजय विश्नोई, अशोक रोहाणी, सुशील कुमार तिवारी इंदु एवं नीरज सिंह, भाजपा के प्रदेश कोषाध्यक्ष अखिलेश जैन, भाजपा के नगर अध्यक्ष रत्नेश सोनकर एवं ग्रामीण अध्यक्ष राजकुमार पटेल, नगर निगम अध्यक्ष रिकुंज विज, कलेक्टर दीपक सक्सेना, पुलिस अधीक्षक संपत उपाध्याय, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आंनद कलादगी, जिला पंचायत के सीईओ अभिषेक गहलोत, डिविजनल कमांडेंट होमगार्ड आशीष खरे भी मौजूद थे।

Related Articles

Back to top button