सतना। पुलिस आरक्षक भर्ती 2023 में फर्जी तरीके से चयनित एक युवक को सतना पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी गौरव कुमार शर्मा ने दस्तावेजों में हेराफेरी कर पुलिस विभाग में भर्ती होने का प्रयास किया था।
पुलिस अधीक्षक कार्यालय सतना में गौरव शर्मा ज्वॉइनिंग के लिए पहुंचा था। भर्ती के तहत सभी अभ्यर्थियों के दस्तावेजों की जांच और मेडिकल सतना में ही होना था। दस्तावेजों के सत्यापन के दौरान गौरव के आधार कार्ड की हिस्ट्री में बार-बार बदलाव पाए जाने पर संदेह हुआ। इसके बाद जांच उप पुलिस अधीक्षक कार्यालय सतना से कराई गई।जांच में सामने आया कि गौरव ने परीक्षा के समय किसी दूसरे युवक (साल्वर) को अपने स्थान पर बैठाया और खुद मेडिकल व फिजिकल टेस्ट में शामिल हुआ। परीक्षा, मेडिकल और फिजिकल के दौरान ली गई तस्वीरें अलग-अलग होने की पुष्टि हुई, जिससे फर्जीवाड़ा उजागर हो गया।थाना सिविल लाइन सतना में आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 381/2025 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4), 319(2), 336(3), 338, 340(1), 340(2) और परीक्षा अधिनियम 1982 की धारा 3/4 के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया। गौरव को गिरफ्तार कर न्यायालय से पूछताछ के लिए पुलिस रिमांड प्राप्त किया गया है।
गिरफ्तार आरोपी:
- गौरव कुमार शर्मा, पिता जगदीश प्रसाद शर्मा, उम्र 24 वर्ष, निवासी बेरई गिर्द, थाना सबलगढ़, जिला मुरैना (म.प्र.)
फरार आरोपी:
- अमिताभ रावत, ग्राम थराह, थाना जौरा, जिला मुरैना (म.प्र.)
- मनीष
कार्रवाई में सक्रिय अधिकारी:
- बीरेन्द्र बहादुर सिंह, उप पुलिस अधीक्षक, मुख्यालय सतना
- देविका सिंह बघेल, रक्षित निरीक्षक, सतना
- अजीत सिंह, उप निरीक्षक, साइबर सेल
- योगेन्द्र सिंह परिहार, निरीक्षक, थाना प्रभारी सिविल लाइन
- राजेन्द्र मिश्रा, उप निरीक्षक
- अंकेश मरमट, आरक्षक
- यत्नेश द्विवेदी, आरक्षक
- प्रदुम शुक्ला
पुलिस का कहना है कि फरार आरोपियों की तलाश की जा रही है और पूरे गिरोह की भूमिका की जांच की जा रही है।
रिपोर्ट: फिरोज बागी