दमोहनाका-मदनमहल फ्लाईओवर के करो दूर से दर्शन, अभी काम बाकी

15 जुलाई तक रहेगा मार्ग डायवर्ट

जबलपुर। फ्लाई ओवर के निर्माण के बाद भी शुरू होने में विलंब से जनता परेशान है। लोग इसे अब शहर का दर्शनीय स्थल कहने लगे हैं कि बस इसके केवल दर्शन करें, इस्तेमाल की इजाज़त नहीं है। जिस गति से काम चल रहा है उससे लोग अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के ढीले रवैये पर सवाल उठा रहे हैं।

दमोहनाका से होकर निकलने वाले हजारों लोग एक-एक दिन सिर्फ इस इंतजार में काट रहे हैं कि कब फ्लाई ओवर बने और उनका आवागमन आसान हो सके। लोक निर्माण विभाग ने 15 जुलाई तक दमोहनाका चौराहे को बंद रखा है। पहले यह तारीख 30 जून तक थी। इसके बाद त 8 जुलाई तक मार्ग बंद रखने का दावा हुआ। अब फिर 15 जुलाई तक मार्ग बंद रखा जा रहा है। विभाग का तर्क है कि बारिश की वजह से निर्माण कार्य पूरा नहीं हो सका।

दमोहनाका की रोटरी के नीचे दोनों तरफ सर्विस रोड कांक्रीट की बनाई जा रही है। इसके अलावा नाली का निर्माण हो रहा है। अभी 80 प्रतिशत काम हो चुका है। आधारताल तरफ और दमोह की तरफ 100-100 मीटर कांक्रीट सड़क का निर्माण अधूरा है। नाली का काम भी होना है। लोक निर्माण विभाग के ईई शिवेंद्र सिंह ने कहा कि निर्माण कार्य की मजबूती बनी रहे इसलिए वाहनों की आवाजाही रोकी गई है। कांक्रीट ताजा निर्माण है जिस पर वाहन नहीं चलवा सकते हैं। उन्होंने का 20 प्रतिशत काम पूरा करने के लिए 15 जुलाई तक मार्ग बंद रखा जाएगा। इसके बाद आम लोगों के लिए सड़क उपलब्ध होगी।

कांक्रीट निर्माण- दमोहनाका चौराहे के तीन हिस्से के मार्ग को 400-400 मीटर की सीमा में बंद किया गया हैं। ईई शिवेंद्र सिंह के अनुसार, ट्रैफिक के अत्यधिक दबाव की वजह से मशीनरी का मूवमेंट और ऐसे में निर्माण कार्य संभव नहीं होगा। अभी अधारताल से दमोहनाका की तरफ आने वाला ट्रैफिक मेट्रो बस, हैवी व्हीकल, कार, आटो और ई-रिक्शा आदि को गोहलपुर थाने से अमखेरा रोड, खजरी बायपास की ओर डायवर्ट किया गया है।

वहीं दोपहिया वाहन शांति नगर चौक से दाहिने ओर डायवर्ट होते हुए पाटन मार्ग में भेजा गया है। रानीताल चौक से आने वाले वाहनों में मेट्रो बस, हैवी व्हीकल, कार, ऑटो रिक्शा और ई-रिक्शा आदि को बल्देवबाग चौक से एमआर-4 रोड की तरफ डायवर्ट किया गया है। दोपहिया के लिए गोपाल आर्केड से बाईं ओर रूट डायवर्ट है। वहीं पाटन और आईएसबीटी चौक से दमोहनाका की तरफ आने वाले बड़े और तिपहिया वाहनों को आईएसबीटी से खजरी बायपास होते हुए अमखेरा रोड से भेजा जा रहा है।

Back to top button