
जबलपुर। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 11 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर केंद्रीय राज्य मंत्री बी. एल. वर्मा ने जबलपुर में आयोजित पत्रकार वार्ता में सरकार की उपलब्धियों को रेखांकित किया। उन्होंने कहा कि वर्ष 2014 के बाद से देश ने विकास, पारदर्शिता और गरीब कल्याण की दिशा में अभूतपूर्व गति पकड़ी है।
बी. एल. वर्मा, जो केंद्रीय उपभोक्ता मामले, खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण मंत्रालय के साथ-साथ सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय में राज्य मंत्री हैं, ने कहा कि 2004 से 2014 के बीच देश ने भ्रष्टाचार, पिछड़ापन और बेरोजगारी जैसी चुनौतियों का सामना किया। लेकिन 2014 में जब देश की कमान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को मिली, तभी से भारत के समग्र विकास की नई यात्रा शुरू हुई।
उन्होंने बताया कि पिछले 11 वर्षों में केंद्र सरकार ने सीमाओं को सुरक्षित किया, अर्थव्यवस्था को मजबूती दी और टेक्नोलॉजी को जन-जन तक पहुंचाया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने स्पष्ट कर दिया है कि आतंक और व्यापार एक साथ नहीं चल सकते। आतंकवाद के खिलाफ की गई कार्यवाहियों जैसे ऑपरेशन सिंदूर ने भारत की सख्त नीति का प्रमाण दिया है।
मंत्री वर्मा ने आपदा के समय किए गए रेस्क्यू ऑपरेशनों का भी उल्लेख किया—जैसे अफगानिस्तान में ऑपरेशन देवी शक्ति, रूस-यूक्रेन युद्ध के दौरान ऑपरेशन गंगा और कोविड काल में वंदे भारत मिशन। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार ने यह दिखा दिया कि वह सिर्फ सीमाओं के भीतर ही नहीं, बल्कि विदेशों में भी भारतीय नागरिकों की सुरक्षा के लिए प्रतिबद्ध है। रूस-यूक्रेन युद्ध में कई विदेशी नागरिकों ने भी भारतीय झंडे का सहारा लेकर अपनी सुरक्षा सुनिश्चित की।
उन्होंने बताया कि मोदी सरकार की नीतियों के केंद्र में सदैव आम नागरिक का कल्याण रहा है। देश में बुनियादी ढांचे का तेज विकास हुआ है, किसानों की आय में बढ़ोतरी हुई है, और भारत अब विश्व की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन चुका है। नक्सलवाद पर सख्त कार्यवाही से आंतरिक सुरक्षा में भी सुधार हुआ है।
पत्रकार वार्ता के दौरान लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह, राज्यसभा सांसद सुमित्रा वाल्मिकी, सांसद आशीष दुबे, भाजपा जिला अध्यक्ष रत्नेश सोनकर, विधायक अशोक रोहाणी, अभिलाष पांडे, प्रदेश कोषाध्यक्ष अखिलेश जैन, महापौर जगत बहादुर सिंह अन्नू, तैलघानी बोर्ड अध्यक्ष रविकिरण साहू एवं नगर निगम अध्यक्ष रिकुंज विज भी उपस्थित रहे।