
जबलपुर। केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री जे.पी. नड्डा एवं मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने आज जबलपुर में आयोजित सिद्धि बाला बोस लाइब्रेरी एसोसिएशन के शताब्दी वर्ष समापन समारोह का दीप प्रज्ज्वलन कर शुभारंभ किया। इस अवसर पर साहित्य, संस्कृति और शिक्षा के क्षेत्र में संस्था के सौ वर्षों के योगदान को स्मरण किया गया।
शताब्दी स्मारिका “यात्री” का हुआ विमोचन
कार्यक्रम के दौरान शताब्दी समारोह की विशेष स्मारिका “यात्री” का विमोचन किया गया। यह स्मारिका संस्था की 100 वर्षों की सांस्कृतिक, साहित्यिक और सामाजिक यात्रा का दस्तावेज मानी जा रही है, जिसमें बांग्ला साहित्य और कला के विकास में लाइब्रेरी एसोसिएशन की भूमिका को दर्शाया गया है।

नेताजी सुभाषचंद्र बोस को भावपूर्ण श्रद्धांजलि
समारोह से पूर्व केंद्रीय मंत्री जे.पी. नड्डा एवं मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने नेताजी सुभाषचंद्र बोस की प्रतिमा का अनावरण कर उन्हें भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की। इस अवसर पर उन्होंने नेताजी के राष्ट्रप्रेम, त्याग और संघर्ष को नमन करते हुए उनके आदर्शों को आज के युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत बताया।
प्रदर्शनी का उद्घाटन, ऐतिहासिक यात्रा का अवलोकन
कार्यक्रम स्थल पर आयोजित विशेष प्रदर्शनी का भी उद्घाटन किया गया, जिसमें सिद्धि बाला बोस लाइब्रेरी एसोसिएशन की 100 वर्षों की ऐतिहासिक यात्रा, दुर्लभ पुस्तकों, साहित्यिक कृतियों और सांस्कृतिक गतिविधियों को प्रदर्शित किया गया। अतिथियों ने प्रदर्शनी का अवलोकन कर संस्था के योगदान की सराहना की।
नेताजी त्याग और राष्ट्रभक्ति की प्रतिमूर्ति: जे.पी. नड्डा
इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री जे.पी. नड्डा ने कहा कि नेताजी सुभाषचंद्र बोस केवल एक महान राष्ट्रभक्त ही नहीं थे, बल्कि वे त्याग की मूर्ति थे। न्याय और समानता पर उनकी अटूट श्रद्धा थी। उनका प्रेरक व्यक्तित्व प्रत्येक भारतीय में राष्ट्रहित के प्रति समर्पण की भावना को प्रबल करता है।
बांग्ला साहित्य और कला को मिला व्यापक मंच
श्री नड्डा ने कहा कि जबलपुर स्थित सिद्धि बाला बोस लाइब्रेरी एसोसिएशन की 100 वर्ष की यात्रा ने बांग्ला साहित्य और कला को व्यापक एवं समृद्ध स्वरूप प्रदान करने में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। यह संस्था सांस्कृतिक समरसता और साहित्यिक चेतना को आगे बढ़ाने का सशक्त माध्यम बनी है।
गणमान्य जनप्रतिनिधियों की रही उपस्थिति
कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल, कैबिनेट मंत्री राकेश सिंह सहित अनेक गणमान्य जनप्रतिनिधि, साहित्यकार एवं गणमान्य नागरिकों की गरिमामयी उपस्थिति रही। सभी अतिथियों ने संस्था के शताब्दी वर्ष को गौरवपूर्ण उपलब्धि बताया।