
जबलपुर। वीरांगना रानी दुर्गावती की जयंती पर भारतीय जनता पार्टी जबलपुर महानगर के पदाधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने भंवरताल स्थित उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान वक्ताओं ने रानी दुर्गावती के साहस, स्वाभिमान, प्रशासनिक क्षमता और जनकल्याणकारी दृष्टिकोण को याद करते हुए उनके जीवन को नई पीढ़ी के लिए प्रेरणास्रोत बताया।
कार्यक्रम में राज्यसभा सांसद सुमित्रा बाल्मीकि, महापौर जगत बहादुर सिंह अन्नू, विधायक अजय बिश्नोई और अभिलाष पाण्डेय, जेडीए अध्यक्ष संदीप जैन, नगर निगम अध्यक्ष रिकुंज विज, प्रदेश दिव्यांगजन कल्याण प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक संदीप रजक, प्रदेश प्रवक्ता वाणी अहलूवालिया तथा जिला महामंत्री रंजीत पटेल सहित पार्टी के पदाधिकारी मौजूद रहे।
नारी शक्ति और नेतृत्व की मिसाल
भाजपा जिलाध्यक्ष रत्नेश सोनकर ने कहा कि रानी दुर्गावती का जीवन नारी शक्ति, नेतृत्व और मातृभूमि के प्रति समर्पण का उदाहरण है। उन्होंने कठिन परिस्थितियों में भी शासन की जिम्मेदारी संभालते हुए प्रजा के हितों को प्राथमिकता दी। उनके शासनकाल में कृषि, जल संरक्षण और जनकल्याण से जुड़े कार्यों पर विशेष ध्यान दिया गया।
उन्होंने कहा कि रानी दुर्गावती केवल एक वीर योद्धा नहीं, बल्कि दूरदर्शी प्रशासक भी थीं। उनके जीवन से यह सीख मिलती है कि दृढ़ इच्छाशक्ति और जनहित के प्रति प्रतिबद्धता के साथ कठिन परिस्थितियों का सामना किया जा सकता है।
स्वाभिमान से नहीं किया समझौता
सोनकर ने कहा कि गोंडवाना पर मुगल सेना के आक्रमण के दौरान रानी दुर्गावती ने आत्मसमर्पण के बजाय युद्ध का रास्ता चुना। रणभूमि में उन्होंने अदम्य साहस का परिचय दिया और गंभीर रूप से घायल होने के बाद भी अपने स्वाभिमान से समझौता नहीं किया। उनका बलिदान आज भी मातृभूमि की रक्षा और आत्मसम्मान के लिए संघर्ष की प्रेरणा देता है।
युवा पीढ़ी को इतिहास से परिचित कराना जरूरी
राज्यसभा सांसद सुमित्रा बाल्मीकि ने कहा कि रानी दुर्गावती का व्यक्तित्व केवल इतिहास तक सीमित नहीं है। उनका जीवन महिला सशक्तिकरण, सुशासन, सामाजिक समरसता और राष्ट्रसेवा के लिए आज भी प्रासंगिक है। उन्होंने कहा कि युवा पीढ़ी को रानी दुर्गावती के संघर्ष, प्रशासनिक सोच और बलिदान से परिचित कराना जरूरी है।
उन्होंने बताया कि रानी दुर्गावती की स्मृति को संरक्षित करने के उद्देश्य से जबलपुर में वीरांगना रानी दुर्गावती स्मारक एवं उद्यान की योजना भी बनाई गई है। इसमें उनकी वीरता के साथ गोंडवाना के इतिहास और संस्कृति को प्रदर्शित करने की परिकल्पना है।
पदाधिकारी और कार्यकर्ता रहे मौजूद
कार्यक्रम में जिला उपाध्यक्ष रजनीश यादव, प्रणीत वर्मा, रीना राय, रवि शर्मा, कुसुम चौबे, अंशुल यादव, रजनी साहू, लवलीन आनंद, कमलेश नामदेव, राजेश रोहरा, रंजीत ठाकुर सहित भाजपा के वरिष्ठ पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
“`