दुर्गा पंडालों में बिजली सुरक्षा की जिम्मेदारी संभालेंगे कर्मचारी, चूक पर होगी कार्रवाई

जबलपुर में 500 बिजली अधिकारियों-कर्मचारियों को दिए सुरक्षा निर्देश, समिति और डेकोरेटरों के साथ समन्वय करेंगे मैदानी कर्मचारी

जबलपुर। नवरात्रि और दशहरा पर्व के दौरान दुर्गा पंडालों में होने वाली विद्युत दुर्घटनाओं को रोकने के लिए बिजली कंपनी ने विशेष सुरक्षा व्यवस्था तैयार की है। शहर में स्थापित होने वाले पंडालों की विद्युत व्यवस्था पर नजर रखने के लिए प्रत्येक पंडाल से एक बिजली कर्मचारी को जोड़ा जाएगा। संबंधित कर्मचारी पंडाल समिति और विद्युत डेकोरेटरों के संपर्क में रहकर सुरक्षा संबंधी कमियों को दूर कराने का प्रयास करेगा। नियमों की अनदेखी या गंभीर लापरवाही सामने आने पर कार्रवाई के साथ एफआईआर भी दर्ज कराई जा सकती है।

इसी सिलसिले में सोमवार को जेयू पावर हाउस में बिजली कंपनी के करीब 500 अधिकारियों और कर्मचारियों को सुरक्षा संबंधी प्रशिक्षण दिया गया। अधीक्षण अभियंता संजय अरोरा के नेतृत्व में हुई इस कार्यशाला में आउटसोर्स कर्मचारियों से लेकर लाइनमैन, सहायक लाइनमैन, टेस्टिंग असिस्टेंट, कनिष्ठ अभियंता, सहायक अभियंता और कार्यपालन अभियंता शामिल हुए। करीब चार घंटे तक चली कार्यशाला में पर्व के दौरान बिजली से जुड़े संभावित जोखिमों और उनसे बचाव के तरीकों पर विस्तार से चर्चा की गई।

पोल-ट्रांसफार्मर से दूरी की होगी निगरानी

पंडालों में अस्थायी विद्युत कनेक्शन, टीसी और अन्य विद्युत उपकरण लगाते समय सुरक्षा नियमों का पालन कराने पर विशेष जोर दिया गया है। कर्मचारियों को निर्देशित किया गया है कि वे पंडालों का निरीक्षण कर समिति और डेकोरेटरों को बिजली के पोल, ट्रांसफार्मर, केबल तथा खुले तारों से पर्याप्त दूरी बनाए रखने के लिए जागरूक करें।

थाना स्तर की बैठकों में भी रहेंगे अधिकारी

त्योहारों को लेकर थाना स्तर पर आयोजित होने वाली शांति समिति की बैठकों में बिजली विभाग के अधिकारियों की मौजूदगी अनिवार्य की गई है। विभाग ने विद्युत सुरक्षा से संबंधित तीन पेज का दिशा-निर्देश जारी किया है, जिसे शांति समितियों और संबंधित आयोजकों तक पहुंचाने के लिए कहा गया है।

पुलिस-प्रशासन के साथ साझा जिम्मेदारी

बिजली कंपनी ने पंडाल समितियों, टेंट संचालकों और विद्युत डेकोरेटरों से सुरक्षा नियमों का पालन करने की अपील की है। विभाग का कहना है कि पर्व के दौरान किसी भी तरह की दुर्घटना से बचने के लिए पुलिस और जिला प्रशासन के साथ समन्वय कर काम किया जाएगा। विद्युत निरीक्षक और विद्युत सुरक्षा विभाग से भी आवश्यक कार्रवाई में सहयोग लिया जाएगा।

अधीक्षण अभियंता संजय अरोरा ने बताया कि नवरात्रि और दशहरा के मद्देनजर मैदानी अमले को विशेष रूप से सतर्क किया गया है। पंडालों पर कर्मचारियों की मौजूदगी से विद्युत व्यवस्था में आने वाली खामियों को समय रहते चिन्हित कर उन्हें दूर कराया जा सकेगा।