चालू 220 केवी सिस्टम से आइसोलेटर ब्लेड निकालने का दुस्साहस, सुरक्षा कर्मी की सतर्कता से टला लंबा विद्युत व्यवधान

जबलपुर। मध्य प्रदेश पावर ट्रांसमिशन कंपनी (एमपी ट्रांसको) के 220 केवी सबस्टेशन शिवपुरी में चालू विद्युत प्रणाली से जुड़े आइसोलेटर के दोनों ब्लेड निकालने का दुस्साहस किया गया। आउटसोर्स सुरक्षा कर्मी सुरेंद्र कुशवाहा की सतर्कता और साहस से घटना समय रहते पकड़ में आ गई, जिससे संभावित लंबा विद्युत व्यवधान टल गया।

रात दो बजे की घटना, जंगल में भागे संदिग्ध

घटना विगत रात लगभग दो बजे की है। यार्ड निरीक्षण के दौरान सुरेंद्र कुशवाहा ने दो अज्ञात व्यक्तियों को ब्लेड निकालते देखा और उन्हें ललकारा। दोनों ब्लेड लेकर सबस्टेशन के बाहर जंगल वाले क्षेत्र में भाग गए। सूचना मिलने के करीब 15 मिनट में कार्यपालन अभियंता अजीत वर्मा, सहायक अभियंता धीरेंद्र चौरसिया और सहायक लाइनमैन पूरण सिंह मौके पर पहुंचे। डायल 112 पर सूचना के बाद पुलिस भी पहुंची। संयुक्त तलाशी अभियान में दोनों ब्लेड जंगल से बरामद कर लिए गए और आवश्यक सुधार कार्य तत्काल पूरा किया गया।

विशेष ऑर्डर पर बनते हैं ब्लेड, छह महीने तक लग सकता था समय

ये ब्लेड सबस्टेशन की मेन बस-2 से संबंधित थे, जो रखरखाव या आपात स्थिति में लोड को दूसरी बस पर स्थानांतरित करने में अहम भूमिका निभाती है। ये ब्लेड विशेष ऑर्डर पर बनते हैं और इन्हें दोबारा प्राप्त करने में कम से कम छह महीने लग सकते थे। चालू 220 केवी प्रणाली से उपकरण निकालने का प्रयास संबंधित व्यक्तियों के लिए जानलेवा भी हो सकता था।

“`