
जबलपुर। मध्यप्रदेश शासन के ऊर्जा विभाग ने बिजली कंपनियों में कार्यरत कर्मचारियों और पेंशनर्स की समस्याओं के समाधान के लिए मध्यप्रदेश विद्युत कर्मचारी संघ फेडरेशन, जबलपुर द्वारा प्रस्तुत मांग पत्र पर चर्चा हेतु बैठक आयोजित की। बैठक में ऊर्जा विभाग के प्रमुख सचिव मनीष सिंह, सचिव ऊर्जा एवं पावर मैनेजमेंट कंपनी के सीएमडी विशेष गढ़पाले तथा फेडरेशन के प्रतिनिधियों ने विभिन्न समस्याओं और मांगों पर चर्चा की।
बैठक में फेडरेशन द्वारा संविदा कर्मियों, आउटसोर्स कर्मचारियों, नियमित कर्मचारियों, कंपनी कैडर कार्मिकों और पेंशनर्स की समस्याओं के समाधान के लिए प्रमुख सचिव ऊर्जा को दिए गए मांग पत्र पर विस्तृत विचार-विमर्श हुआ। फेडरेशन के महामंत्री राकेश डीपी पाठक एवं प्रतिनिधिमंडल ने प्रमुख सचिव ऊर्जा मनीष सिंह और सचिव ऊर्जा विशेष गढ़पाले का स्वागत-अभिनंदन किया।
प्रमुख सचिव ऊर्जा मनीष सिंह ने कहा कि राज्य शासन, ऊर्जा विभाग और बिजली कंपनियों की सर्वोच्च प्राथमिकता सभी श्रेणियों के बिजली उपभोक्ताओं को निर्धारित बिजली की सतत एवं गुणवत्तापूर्ण आपूर्ति सुनिश्चित करना है। उन्होंने बताया कि मध्यप्रदेश के इतिहास में हाल ही में 20 हजार मेगावाट बिजली की सफलतापूर्वक सतत आपूर्ति की गई। शासन, मुख्यमंत्री, ऊर्जा मंत्री और ऊर्जा विभाग बिजली कंपनियों में कार्यरत सभी श्रेणियों के कर्मचारियों एवं पेंशनर्स के प्रति संवेदनशील हैं और उनके हित में सकारात्मक सोच के साथ लगातार निर्णय लिए जा रहे हैं।
मनीष सिंह ने आश्वस्त किया कि फेडरेशन द्वारा कर्मचारियों की समस्याओं के संबंध में दिए गए पत्र और सुझावों पर नियमानुसार सकारात्मक सोच के साथ कार्रवाई की जाएगी। बैठक में बताया गया कि बिजली कंपनियों से आउटसोर्स कर्मचारियों को नहीं निकाला जा रहा है। इस पर फेडरेशन ने शासन के प्रति आभार व्यक्त किया।

संविदा और आउटसोर्स कर्मचारियों को नियमित करने की मांग
फेडरेशन के महामंत्री राकेश डीपी पाठक ने आग्रह किया कि विद्युत क्षेत्र में कार्यरत संविदा कर्मचारियों को नियमित किया जाए। लंबे समय से कार्यरत आउटसोर्स कर्मियों को सेवा से नहीं हटाया जाए तथा बिजली कंपनियों में होने वाली भर्ती में 50 प्रतिशत आरक्षण देकर उन्हें नियमित करने की व्यवस्था की जाए। संविदा आधार पर नियुक्त सभी अनुकंपा आश्रितों को नियमित नियुक्ति में एक बार सीपीसीटी की छूट देकर नियमित नियुक्ति प्रदान करने की मांग भी रखी गई।
उन्होंने परीक्षण सहायक, संयंत्र सहायक, कंपनी कैडर के थ्री स्टार सहित सभी श्रेणियों में व्याप्त वेतन विसंगतियों को दूर करने का आग्रह किया।
तकनीकी कर्मचारियों के बीमा और आर्थिक सहायता का मुद्दा
फेडरेशन ने तकनीकी कार्य करने वाले आउटसोर्स कर्मचारियों का 50 लाख रुपये का बीमा कराने की मांग की। बिजली दुर्घटना में अंगभंग होने पर 20 लाख रुपये तथा असामयिक निधन होने पर 50 लाख रुपये की आर्थिक सहायता और आश्रित को अनुकंपा नियुक्ति देने का आग्रह किया गया।
सब स्टेशन ऑपरेटर और विद्युत सहायकों को जोखिम भत्ता देने, बोनस, ग्रेच्युटी, साप्ताहिक अवकाश नहीं मिलने पर अतिरिक्त कार्य का वेतन, नाइट अलाउंस तथा उच्च कुशल कर्मचारियों को उच्च कुशल श्रेणी का वेतन देने की मांग भी उठाई गई।
आउटसोर्स कर्मचारियों के लिए अलग निगम बनाने का प्रस्ताव
राकेश डीपी पाठक ने बताया कि मध्यप्रदेश के विद्युत क्षेत्र में लगभग 30 हजार से अधिक आउटसोर्स कर्मचारी विभिन्न सेवा आउटसोर्स कंपनियों के माध्यम से नियुक्त होकर बिजली कंपनियों में कार्य कर रहे हैं। फेडरेशन ने हरियाणा और उत्तर प्रदेश सरकार की तर्ज पर मध्यप्रदेश में भी आउटसोर्स कर्मचारियों के लिए अलग निगम अथवा कंपनी गठित कर उसके माध्यम से नियुक्तियां करने की मांग की।
उन्होंने आग्रह किया कि तकनीकी और कुशल कार्यों के लिए पूर्ण शिक्षित एवं प्रशिक्षित व्यक्तियों को ही आउटसोर्स के माध्यम से नियुक्त किया जाए। तकनीकी कार्य करने वाले आउटसोर्स कर्मचारियों का 20 लाख रुपये का बीमा कराने की मांग भी रखी गई, ताकि दुर्घटना की स्थिति में उनके परिवार को आर्थिक सुरक्षा मिल सके।
अनुकंपा नियुक्ति और स्थानांतरण नीति बनाने का आग्रह
फेडरेशन ने विद्युत मंडल में कार्यरत जिन कर्मचारियों की सामान्य मृत्यु वर्ष 2000 से 2012 के बीच हुई है, उनके आश्रितों को सामान्य मृत्यु प्रकरण में नियमित अनुकंपा नियुक्ति देने का आग्रह किया। बिजली कंपनियों में कार्यरत तृतीय एवं चतुर्थ श्रेणी और संविदा कर्मचारियों के लिए वन टाइम गृह जिला स्थानांतरण नीति बनाने की मांग भी की गई।
उच्च शिक्षा प्राप्त लाइन परिचारक एवं परीक्षण सहायकों को कनिष्ठ अभियंता (वितरण) की सीधी भर्ती में पद आरक्षित करने तथा उन्हें संबंधित परीक्षा में शामिल होने के लिए पात्र बनाए जाने का आग्रह किया गया।
कार्यालय सहायकों के वेतनमान में सुधार की मांग
राकेश डीपी पाठक ने कहा कि वर्ष 2018 और उसके बाद नियुक्त कार्यालय सहायकों का मूल वेतन पूर्व निर्धारित वेतनमान की तुलना में काफी कम किया गया है। उन्हें चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों के समान वेतन दिया जा रहा है, जबकि नियुक्ति के लिए तकनीकी योग्यता एवं सीपीसीटी डिप्लोमा निर्धारित किया गया है। उन्होंने वर्ष 2018 के बाद नियुक्त कार्यालय सहायकों का मूल वेतन पूर्व में जारी वेतनमान के अनुसार निर्धारित करने तथा भविष्य की नियुक्तियों में भी पुराने निर्धारित वेतनमान को लागू करने का आग्रह किया।
समान कार्य के लिए समान वेतन और बिजली बिल में छूट
फेडरेशन ने मध्यप्रदेश उच्च न्यायालय द्वारा समान कार्य के लिए समान वेतन संबंधी निर्णय को बिजली कंपनियों में शीघ्र लागू करने की मांग की। नियुक्ति दिनांक से 70, 80 और 90 प्रतिशत वेतन के स्थान पर पूरा वेतन देने का आग्रह किया गया।
कंपनियों में कार्यरत संविदा एवं नियमित अधिकारियों-कर्मचारियों और पेंशनर्स को पूर्व की भांति बिजली बिल में 50 प्रतिशत छूट देने तथा नियमित कर्मचारियों को भी 50 प्रतिशत बिजली बिल छूट प्रदान करने की मांग रखी गई।
पेंशन की गारंटी और कैशलेस बीमा योजना को प्रभावी बनाने का आग्रह
फेडरेशन ने पेंशनर्स को पूर्व में मिल रही सभी सुविधाएं यथावत बनाए रखने तथा बिजली कंपनियों में कार्यरत और सेवानिवृत्त अधिकारियों एवं कर्मचारियों की पेंशन की गारंटी राज्य सरकार द्वारा लेने का आग्रह किया। कैशलेस बीमा योजना को अधिक प्रभावी बनाने के लिए सभी अच्छे अस्पतालों को योजना से जोड़ने की मांग भी रखी गई।
बैठक में फेडरेशन के महामंत्री राकेश डीपी पाठक, एनके यादव, रामेश्वर गांगे, आरके कौशिक, मोहित पटेल, योगेश पटेल, वीरेंद्र मिश्रा, दिनेश दुबे, उमाशंकर दुबे सहित फेडरेशन के अन्य साथी उपस्थित रहे। प्रतिनिधिमंडल ने प्रमुख सचिव ऊर्जा मनीष सिंह एवं सचिव ऊर्जा विशेष गढ़पाले का स्वागत किया।