भेड़ाघाट में नर्मदा पंचकोशी परिक्रमा में उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब, मार्ग में 51 स्थानों पर भंडारे

1.25 लाख बत्तियों की महाआरती के साथ शुरू हुई 504वीं परिक्रमा

जबलपुर। कार्तिक पूर्णिमा 24 नवंबर को भेड़ाघाट स्थित हरे कृष्णा आश्रम से 504वीं नर्मदा पंचकोशी परिक्रमा का शुभारंभ हुआ। सुबह 4 बजे से श्रद्धालु संकीर्तन करते हुए, भजन गाते और ‘नर्मदे हर’ का उद्घोष करते हुए छोटे-छोटे समूहों में परिक्रमा के लिए रवाना हुए। रात से ही घाटों और आश्रम में भक्तों का जमावड़ा लगना शुरू हो गया था। हाथों में भगवा ध्वज लेकर श्रद्धालु परिक्रमा में शामिल हुए। पूरे क्षेत्र में महाकुंभ जैसा दृश्य दिखाई दिया।

1.25 लाख बत्तियों से हुई नर्मदा मैया की महाआरती

श्री शैलम तीर्थ क्षेत्र से लाई गई 1.25 लाख बत्तियों से नर्मदा मैया की महाआरती की गई। परिक्रमा संचालक भगवान श्री हनुमानजी महाराज की सूक्ष्म उपस्थिति में संतों एवं शहीद परिवारों के सानिध्य में आयोजन हुआ। पंचकोशी परिक्रमा मंच पर संकीर्तनाचार्य सुरेश विश्वकर्मा, संकीर्तनाचार्य सुरेंद्र गिरी गोस्वामी और संकीर्तनाचार्य मनमोहन दुबे ने हनुमान चालीसा का पाठ किया। संतों द्वारा प्रदान की गई हनुमानजी की गदा परिक्रमा यात्रा के नेतृत्व का प्रतीक बनी।

इस अवसर पर शहीद परिवार के मयूर कपूर, क्रांतिकारी परिवार के बाबी दुबे आजाद, पूज्य जगद्गुरु नरसिंहदेवाचार्य महाराज, जगद्गुरु राजारामाचार्य महाराज, रामजीशरण, पूज्य ज्ञानेश्वरी दीदी, स्वामी प्रकाशानंद, रामेश्वरानंद महाराज, रोहित दुबे, संतोष शास्त्री, पगलानंद महाराज, राम भारती महाराज, सुरेंद्रनाथ महाराज, योगी राजेश्वरानंद, ज्योतिनंद, भोलानाथ उदासीन, राजेश भोले, पवन दास, अशोक मनोदया, हीरा दीदी और केट शर्मा सहित अनेक संत एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे।

संकीर्तन और भगवा ध्वज के साथ आगे बढ़े श्रद्धालु

सैकड़ों टोलियों में बंटकर श्रद्धालु संकीर्तन करते हुए ‘नर्मदे हर’ का उद्घोष कर रहे हैं। परिक्रमा मार्ग पर भगवा ध्वज, डुलडुल घोड़ी, डीजे और बैंड आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं। सैकड़ों की संख्या में मातृशक्ति भी गोद भराई की धार्मिक परंपरा में शामिल होने के लिए पहुंची।

पंचवटी, धुआंधार और लमेटाघाट से होकर गुजरती है परिक्रमा

नर्मदा पंचकोशी परिक्रमा का मार्ग पंचवटी, 64 योगिनी, धुआंधार और गोपालपुर होते हुए लमेटाघाट पहुंचता है। यहां नावों के माध्यम से नर्मदा पार कर श्रद्धालु शनि मंदिर, डुडुवारा, इमलिया और न्यू भेड़ाघाट होते हुए सरस्वती घाट पहुंचते हैं। सरस्वती घाट से दोबारा नाव द्वारा नर्मदा पार कर परिक्रमा हरे कृष्णा आश्रम भेड़ाघाट पहुंचती है, जहां विशाल भंडारे के साथ आयोजन का समापन होता है।

श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए लमेटाघाट और सरस्वती घाट पर 30-30 नावों एवं मोटरबोट की व्यवस्था की गई है। इनके माध्यम से परिक्रमा करने वाले भक्तों को नदी पार कराया जा रहा है। परिक्रमा मार्ग में हजारों की संख्या में श्रद्धालु शामिल हैं।

आश्रम सहित मार्ग में 51 स्थानों पर भंडारे

हरे कृष्णा आश्रम के अलावा परिक्रमा मार्ग में अमरनाथ की तर्ज पर भंडारों का आयोजन किया गया है। नरेंद्र अग्रवाल, पचोरी परिवार, मेडी अमरपुर, रामलीला समिति गढ़ा, उदयभान सिंह, वीरेंद्र पटेल और गोपाल रेस्टोरेंट सहित विभिन्न संस्थाओं एवं श्रद्धालुओं द्वारा प्रसादी की व्यवस्था की गई है। इसके अलावा छोटे-बड़े कुल 51 भंडारे आयोजित किए जा रहे हैं।

हरे कृष्णा आश्रम में परम पूज्य स्वामी रामचंद्र दास जी महाराज के सानिध्य में बद्रीनाथ धाम से पूजित गोमती चक्र का प्रसाद स्वरूप वितरण किया जा रहा है।

आयोजन में ये रहे उपस्थित

इस अवसर पर संयोजक शरद अग्रवाल, अध्यक्ष श्याम मनोहर पटेल, दुर्गा पटेल, संदीप जैन, मनोज गुलाबबनी, विनोद दीवान, सुरेंद्र गिरी गोस्वामी, पप्पू चौबे, अवधेश खरे, गुड्डू नेता, निर्मल कुर्मी, मनीष पटेल, विनोद विश्वकर्मा, सत्यप्रकाश नामदेव, शिवकुमार पटेल, पवन साहू, छन्नू राम पटेल, लालजी पटेल और बलाली पटेल सहित अनेक श्रद्धालु उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का संचालन नर्मदा महाआरती के संस्थापक डॉ. सुधीर अग्रवाल ने किया तथा आभार प्रदर्शन संयोजक श्याम मनोहर पटेल ने किया।