पन्ना के देवगांव गौशाला में गोवर्धन पूजा पर गौसेवकों और उत्कृष्ट दुग्ध उत्पादकों का सम्मान

अजयगढ़। तहसील के ग्राम देवगांव स्थित श्री सिद्धनाथ गौशाला में गोवर्धन पूजा महोत्सव श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में पूर्व मंत्री एवं पन्ना विधायक बृजेन्द्र प्रताप सिंह शामिल हुए। उन्होंने गौमाता का पूजन-अर्चन कर क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना की। इस दौरान बुंदेली संस्कृति की झलक पेश करते हुए कलाकारों ने आकर्षक दिवारी नृत्य की प्रस्तुतियां दीं, जिसने उपस्थित लोगों का मन मोह लिया।

कार्यक्रम में गौसेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले गौसेवकों तथा उत्कृष्ट दुग्ध उत्पादन करने वाले गोपालकों को शाल, श्रीफल और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। विधायक बृजेन्द्र प्रताप सिंह ने कहा कि गौसंरक्षण हमारी सांस्कृतिक परंपरा के साथ ग्रामीण अर्थव्यवस्था का भी महत्वपूर्ण आधार है। पशुपालन और दुग्ध उत्पादन को बढ़ावा देकर ग्रामीण परिवारों की आर्थिक स्थिति मजबूत की जा सकती है।

पन्ना में आधुनिक डेयरी प्लांट की पहल

विधायक ने बताया कि गुजरात के बनासकांठा स्थित बनास डेयरी मॉडल की तर्ज पर पन्ना में आधुनिक डेयरी प्लांट स्थापित करने के प्रयास किए जा रहे हैं। इस संबंध में उन्होंने केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह से मुलाकात कर प्रस्तावित 180 एकड़ भूमि पर पांच हजार गोवंश क्षमता वाले गौ अभयारण्य को आधुनिक डेयरी उद्योग एवं दुग्ध प्रसंस्करण केंद्र से जोड़ने की मांग रखी है।

उनका मानना है कि इस पहल से पशुपालकों को दूध का उचित मूल्य मिल सकेगा, रोजगार के अवसर बढ़ेंगे और ग्रामीण परिवारों को आय के नए साधन उपलब्ध होंगे। उन्होंने केंद्रीय मंत्री को पन्ना आगमन का आमंत्रण भी दिया है।

गौसंरक्षण से ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती

विधायक ने गौसंरक्षण और पशुपालन को ग्रामीण अर्थव्यवस्था के विकास से जोड़ने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि दुग्ध उत्पादन और उससे जुड़े उद्योगों को प्रोत्साहन मिलने से ग्रामीण परिवारों की आर्थिक स्थिति मजबूत हो सकती है। गोवर्धन पूजा जैसे आयोजन गौसेवा के प्रति समाज में जागरूकता बढ़ाने के साथ इस दिशा में सामूहिक संकल्प का अवसर भी हैं।

श्री जुगल किशोर मंदिर में वितरित हुआ खीर प्रसाद

वहीं, अमावस्या के अवसर पर श्री जुगल किशोर जी सरकार मंदिर में श्रद्धालुओं को खीर प्रसाद वितरित किया गया। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया।

कार्यक्रम में नगर पंचायत अध्यक्ष सीता सरोज गुप्ता, जिला उपाध्यक्ष शीलू श्रीवास्तव, जिला पंचायत सदस्य संतोष यादव, वृंदावन पटेल सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी, गौसेवक, गोपालक और बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

रिपोर्ट: राकेश कुमार शर्मा