
जबलपुर। मध्यप्रदेश की बिजली कंपनियों में लंबे समय से चतुर्थ श्रेणी के पदों पर कार्यरत चपरासी और भृत्य कर्मचारियों को कार्यालय सहायक श्रेणी-3 (सहायक ग्रेड-3) के पद पर पदोन्नति देने की मांग उठाई गई है। मध्यप्रदेश विद्युत कर्मचारी संघ फेडरेशन के महामंत्री राकेश डीपी पाठक ने इस संबंध में प्रदेश के ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर, ऊर्जा विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों और बिजली कंपनियों के प्रबंध संचालकों को पत्र भेजकर आवश्यक आदेश जारी करने का अनुरोध किया है।
राकेश डीपी पाठक ने कहा कि ऊर्जा मंत्री और विभागीय अधिकारियों के संवेदनशील रुख, कुशल नेतृत्व और सकारात्मक सोच से बिजली कंपनियों के विभिन्न श्रेणियों के कर्मचारियों के हित में लगातार निर्णय लिए जा रहे हैं। इसके लिए फेडरेशन ने आभार जताते हुए मांग की है कि जिस तरह एमपी पावर मैनेजमेंट कंपनी जबलपुर ने अपने चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों को दफ्तरी के पद पर पदोन्नति दी है, उसी तरह अन्य बिजली कंपनियों में भी चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों को दफ्तरी पद पर पदोन्नति का लाभ दिया जाए।
चपरासी और भृत्यों को सहायक ग्रेड-3 बनाने की मांग
फेडरेशन ने राज्य शासन के अनुरूप बिजली कंपनियों में कार्यरत चपरासी और भृत्य कर्मचारियों को कार्यालय सहायक श्रेणी-3 के पद पर पदोन्नति देने का भी आग्रह किया है। पाठक के अनुसार, कई कर्मचारी लंबे समय तक चतुर्थ श्रेणी के पद पर कार्य करते हुए इसी पद से सेवानिवृत्त हो जाते हैं। ऐसे कर्मचारियों को पदोन्नति का अवसर मिलने से उनके जीवन स्तर और भविष्य को बेहतर बनाने में मदद मिलेगी।
पर्यटन विकास निगम के पदोन्नति आदेश का दिया हवाला
राकेश डीपी पाठक ने मध्यप्रदेश राज्य पर्यटन विकास निगम के 10 जुलाई 2026 के आदेश क्रमांक 7926/प्रशासन-II/नियुक्ति/2026 का उल्लेख किया है। उनके अनुसार, इस आदेश के तहत भृत्य (चतुर्थ श्रेणी) के पद पर कार्यरत छह कर्मचारियों को सहायक ग्रेड-3 (तृतीय श्रेणी) के पद पर पदोन्नति प्रदान की गई है। इसके लिए वेतनमान 5200-20200+1900 तथा सातवें वेतनमान के लेवल क्रमांक-4 का उल्लेख किया गया है।
फेडरेशन ने इसी तरह का निर्णय बिजली कंपनियों में भी लागू करने की मांग की है। पाठक ने बताया कि मध्यप्रदेश राज्य पर्यटन विकास निगम, जबलपुर कलेक्टर कार्यालय सहित अन्य विभागों में चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों को कार्यालय सहायक श्रेणी-3 के पद पर पदोन्नति देने के आदेश जारी किए गए हैं।
प्रदेश की सभी छह बिजली कंपनियों में लागू करने का आग्रह
फेडरेशन ने ऊर्जा विभाग के अधीन कार्यरत सभी छह बिजली कंपनियों में पदोन्नति का लाभ देने का अनुरोध किया है। इनमें एमपी पावर मैनेजमेंट कंपनी, मध्यप्रदेश पावर ट्रांसमिशन कंपनी, मध्यप्रदेश पावर जनरेटिंग कंपनी, मध्यप्रदेश पूर्व क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी जबलपुर, मध्यप्रदेश पश्चिम क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी इंदौर और मध्यप्रदेश मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी भोपाल शामिल हैं।
राकेश डीपी पाठक ने कहा कि फेडरेशन को विश्वास है कि ऊर्जा मंत्री, ऊर्जा विभाग के अपर मुख्य सचिव, ऊर्जा सचिव, सीएमडी पावर मैनेजमेंट कंपनी और सभी बिजली कंपनियों के प्रबंध संचालक चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों के हित में सकारात्मक निर्णय लेंगे। उन्होंने कहा कि यदि बिजली कंपनियों में भी पदोन्नति के आदेश जारी किए जाते हैं तो लंबे समय से सेवा दे रहे चपरासी और भृत्य कर्मचारियों को इसका लाभ मिलेगा।
इस मांग के समर्थन में राकेश डीपी पाठक के साथ यूके पाठक, लक्ष्मण सिंह राजपूत, खूबचंद शर्मा, एनके यादव, दिनेश दुबे, उमाशंकर मेहता, बीएस राठौर, सुरेश बाबू खरे, आरके कौशिक, रामेश्वर गांगे, जीएल चौरसिया, अनूप वर्मा, किशोर चौहान, उमाशंकर दुबे, केदारनाथ अग्निहोत्री, गोपाल चौहान, मदन वर्मा, सीताराम कुरचानिया, श्याम मोहन वर्मा, अवनीश तिवारी, दीपक मेमने, राजेश मिश्रा, विमल महापात्र, सुधीर मिश्रा, आरके चौबे, संजय सिंह, मोहित पटेल, योगेश पटेल, अजय चौबे, मनोज पाठक, दयाशंकर द्विवेदी और दिलीप पाठक ने भी आग्रह किया है।