पन्ना टाइगर रिजर्व में घायल बाघ पी-243 की सफल सर्जरी, बड़ौर चिकित्सालय में उपचार जारी

दोनों आंखों के बीच मिला था गहरा घाव, संक्रमण फैलने और दृष्टि प्रभावित होने का था खतरा

राकेश कुमार शर्मा

पन्ना। पन्ना टाइगर रिजर्व के अमानगंज बफर क्षेत्र में विस्थापित ग्राम गहदरा के पास 14 नवंबर को लगभग 11 वर्ष आयु का नर बाघ पी-243 घायल अवस्था में मिला। जांच के दौरान बाघ की दोनों आंखों के बीच गहरा घाव पाया गया। घाव की गंभीरता और स्थिति को देखते हुए उसके प्राकृतिक रूप से ठीक होने की संभावना कम थी। समय पर उपचार नहीं मिलने पर संक्रमण फैलने के साथ ही बाघ की दृष्टि और शिकार करने की क्षमता प्रभावित होने का खतरा था। इसे देखते हुए पन्ना टाइगर रिजर्व प्रबंधन ने तत्काल उपचार का निर्णय लिया।

वन्यप्राणी चिकित्सा के निर्धारित प्रोटोकॉल के तहत शनिवार सुबह करीब 10 बजे बाघ को सुरक्षित ट्रैंक्युलाइज किया गया। इसके बाद विशेषज्ञ चिकित्सकीय दल ने घाव की सूक्ष्म सर्जरी कर आवश्यक उपचार किया। सर्जरी सफल रहने के बाद बाघ को आगे के उपचार और सतत निगरानी के लिए बड़ौर वन्यप्राणी चिकित्सालय में रखा गया है।

चिकित्सकीय दल की निगरानी में बाघ

बाघ पी-243 का उपचार पन्ना टाइगर रिजर्व के वन्यप्राणी स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. संजीव कुमार गुप्ता द्वारा किया जा रहा है। चिकित्सकीय दल उसके स्वास्थ्य, घाव भरने की स्थिति और व्यवहार पर लगातार नजर रख रहा है। आगामी दिनों में उपचार के बाद उसकी स्थिति में होने वाले सुधार पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।

बाघिन टी-2 की संतान है पी-243

उल्लेखनीय है कि बाघ पी-243, बाघिन टी-2 के चौथे लिटर की तीसरी संतान है। बाघिन टी-2 पन्ना के बाघ पुनर्स्थापना कार्यक्रम की संस्थापक बाघिनों में शामिल रही है। उसे वर्ष 2009 में कान्हा टाइगर रिजर्व से पन्ना लाया गया था। उसकी संतानों ने पन्ना में बाघों की आबादी को दोबारा स्थापित करने में महत्वपूर्ण योगदान दिया है।

वन अमले की रही महत्वपूर्ण भूमिका

बाघ के सफल ट्रैंक्युलाइजेशन, सर्जरी और उपचार में सहायक संचालक पन्ना, परिक्षेत्र अधिकारी गंगऊ एवं हिनौता सहित मैदानी वन अमले की महत्वपूर्ण भूमिका रही। कर्मचारियों ने घायल बाघ की स्थिति का पता लगाने, उसकी निगरानी करने और ट्रैंक्युलाइजेशन के दौरान क्षेत्र को सुरक्षित रखने में तत्परता दिखाई।

पन्ना टाइगर रिजर्व प्रबंधन ने आसपास के ग्रामीणों और नागरिकों से अपील की है कि किसी भी वन्यप्राणी को घायल, बीमार या असामान्य अवस्था में देखने पर उसके पास जाने का प्रयास न करें। तत्काल इसकी सूचना निकटतम वन कार्यालय या वन अमले को दें, ताकि वन्यप्राणी को समय पर उपचार उपलब्ध कराया जा सके।