
जबलपुर। लोक आस्था और सूर्य उपासना का महापर्व छठ रविवार को श्रद्धा और भक्ति के साथ मनाया जा रहा है। चार दिवसीय छठ पर्व के तीसरे दिन आज व्रती अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य अर्पित करेंगे। इसके लिए विभिन्न शहरों में नदी, तालाबों और जलाशयों के किनारे स्थित छठ घाटों पर पूजा की तैयारियां की गई हैं। जबलपुर में गौरीघाट, तिलवाराघाट, भटौली, अधारताल, हनुमानताल और गुलौआ ताल में आयोजन होंगे।
छठ पर्व की शुरुआत 13 नवंबर को नहाय-खाय के साथ हुई थी। 14 नवंबर को खरना का अनुष्ठान संपन्न हुआ। खरना का प्रसाद ग्रहण करने के बाद व्रतियों का निर्जला उपवास शुरू हो गया। इसी उपवास के दौरान आज शाम डूबते सूर्य को अर्घ्य दिया जाएगा।
पारंपरिक प्रसाद से सजेंगे सूप और टोकरी
पूजन के लिए व्रती बांस के सूप और टोकरी में ठेकुआ, नारियल, गन्ना, मौसमी फल तथा अन्य पारंपरिक प्रसाद सजाकर घाटों पर पहुंचेंगे। जल में खड़े होकर सूर्यदेव को अर्घ्य अर्पित किया जाएगा। इस दौरान छठी मैया के पारंपरिक गीतों और भजनों से घाटों का वातावरण भक्तिमय रहेगा।
सोमवार सुबह उगते सूर्य को अर्घ्य देकर होगा पारण
छठ महापर्व का समापन सोमवार 16 नवंबर को सुबह उगते सूर्य को अर्घ्य देने के साथ होगा। इसके बाद व्रती पारण कर अपना कठिन उपवास समाप्त करेंगे।
सूर्य उपासना और प्रकृति के प्रति आभार का पर्व
छठ पूजा का धार्मिक महत्व सूर्यदेव के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने और परिवार की सुख-समृद्धि, संतान की दीर्घायु तथा अच्छे स्वास्थ्य की कामना से जुड़ा है। इस पर्व में डूबते और उगते दोनों सूर्य की उपासना की जाती है, जो भारतीय संस्कृति में प्रकृति के प्रति सम्मान और आभार का अनूठा संदेश देती है।