आस्था के रंग में रंगे घाट, डूबते सूर्य को अर्घ्य देकर छठ व्रतियों ने मांगा परिवार की खुशहाली का आशीर्वाद

शहर के प्रमुख घाटों पर उमड़े श्रद्धालु, सोमवार सुबह उगते सूर्य को अर्घ्य देकर होगा व्रत का समापन

जबलपुर। सूर्य उपासना और लोक आस्था का महापर्व छठ रविवार शाम श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया। पर्व के तीसरे दिन व्रती महिलाओं और पुरुषों ने जलाशयों, नदियों और तालाबों के किनारे पहुंचकर अस्त होते सूर्य को अर्घ्य दिया। इसी के साथ घाटों पर छठी मैया की आराधना और पारंपरिक लोकगीतों की गूंज सुनाई दी। श्रद्धालुओं ने परिवार की सुख-समृद्धि, संतान की लंबी आयु और बेहतर भविष्य की कामना की। जबलपुर में गौरीघाट, तिलवाराघाट, भटौली, अधारताल, हनुमानताल और गोलौआ ताल में श्रद्धालुओं ने पूजन किया और अस्त होते सूर्य को अर्घ्य दिया।

छठ पूजा के अवसर पर व्रतियों ने पारंपरिक रीति-रिवाजों के अनुसार पूजा की तैयारियां कीं। बांस के सूप और दउरा में फल, नारियल, गन्ना, ठेकुआ तथा अन्य पूजन सामग्री सजाकर घाटों तक पहुंचाई गई। सूर्यास्त के समय श्रद्धालु पानी में खड़े होकर सूर्यदेव को अर्घ्य अर्पित करते नजर आए। पर्व को लेकर विभिन्न क्षेत्रों में धार्मिक उत्साह का माहौल रहा।

चार दिनों तक चलने वाले इस महापर्व की शुरुआत नहाय-खाय की परंपरा से होती है। इसके बाद खरना का अनुष्ठान किया जाता है, जिसमें व्रती प्रसाद ग्रहण करने के बाद निर्जला उपवास शुरू करते हैं। छठ पर्व में शारीरिक शुद्धता, अनुशासन और कठिन नियमों का पालन विशेष महत्व रखता है।

उगते सूर्य को अर्घ्य के साथ होगा समापन

छठ महापर्व का अंतिम अनुष्ठान सोमवार सुबह संपन्न होगा। व्रती उगते सूर्य को अर्घ्य देकर अपना व्रत पूरा करेंगे। इसके बाद पारण की परंपरा निभाई जाएगी और परिवार तथा परिचितों के बीच प्रसाद वितरित किया जाएगा।

प्रकृति के प्रति सम्मान और कृतज्ञता का पर्व

छठ पर्व भारतीय लोक संस्कृति में प्रकृति के प्रति सम्मान और कृतज्ञता का संदेश देता है। सूर्य और जल की उपासना से जुड़ा यह पर्व सामाजिक समरसता, पारिवारिक एकता और लोक परंपराओं की जीवंत मिसाल भी है।