500 रुपये से शुरू किया सफर, आज करोड़ों का कारोबार; प्रधानमंत्री के साथ इंडिया टुडे के मंच पर पहुंचीं कृष्णा यादव

खेतों में मजदूरी करने वाली महिला बनीं कृषि उद्योग की मालकिन, 500 से अधिक लोगों को रोजगार, 30 हजार महिलाओं को दिया प्रशिक्षण

पन्ना। संघर्ष, हौसले और मेहनत के दम पर सफलता की मिसाल बनीं उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर की श्रीमती कृष्णा यादव आज देशभर की महिलाओं के लिए प्रेरणास्रोत हैं। कभी परिवार का भरण-पोषण करने के लिए दूसरों के खेतों में मजदूरी करने वाली कृष्णा यादव ने महज 500 रुपये से कारोबार शुरू किया और आज करोड़ों रुपये के सालाना टर्नओवर वाले खाद्य प्रसंस्करण उद्योग की संचालिका बन गई हैं। उनकी उपलब्धियों को राष्ट्रीय पहचान मिली है। उन्हें इंडिया टुडे ग्रुप के विशेष कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मौजूदगी में शामिल होने का अवसर मिला।

वर्ष 1996 में पति की नौकरी छूटने के बाद परिवार आर्थिक संकट में आ गया। हालात इतने खराब हुए कि मकान तक बेचना पड़ा। तीन बच्चों की जिम्मेदारी के बीच कृष्णा यादव ने एक परिचित से 500 रुपये उधार लेकर दिल्ली के नजफगढ़ में नई शुरुआत की। यहां सब्जियां उगाने और खेतों में मजदूरी करने के साथ उन्होंने कृषि विज्ञान केंद्र, उजवा से खाद्य प्रसंस्करण का प्रशिक्षण लिया। भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद (आईसीएआर) के मार्गदर्शन में अचार और मुरब्बा बनाने की तकनीक सीखी। वर्ष 2002 में करौंदे के अचार और कैंडी से शुरू हुआ कारोबार आज ‘श्री कृष्णा पिकल्स’ के रूप में 150 से अधिक उत्पादों तक पहुंच चुका है।

पति का सहयोग बना सफलता की ताकत

औपचारिक शिक्षा प्राप्त नहीं होने के बावजूद कृष्णा यादव ने अपने अनुभव, मेहनत और सीखने की ललक से यह मुकाम हासिल किया। इस सफर में उनके पति एवं श्री कृष्णा पिकल्स के निदेशक गोवर्धन सिंह यादव का महत्वपूर्ण सहयोग रहा। उन्होंने हर कदम पर पत्नी का साथ दिया और कारोबार को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

आज उनके उद्यम से करीब 110 स्थायी और 400 मौसमी श्रमिकों को रोजगार मिल रहा है। वहीं, 30 हजार से अधिक महिलाओं एवं युवाओं को खाद्य प्रसंस्करण का प्रशिक्षण देकर स्वरोजगार के लिए प्रेरित किया गया है। बीएसएफ के 147 शहीद जवानों की विधवाओं को भी निशुल्क प्रशिक्षण दिया गया है।

प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री से मिले कई प्रतिष्ठित सम्मान

कृष्णा यादव को 9 सितंबर 2013 को वाइब्रेंट गुजरात कार्यक्रम में तत्कालीन मुख्यमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा 51 हजार रुपये की सम्मान राशि प्रदान की गई थी। वर्ष 2014 में उन्हें एनजी रंगा राष्ट्रीय पुरस्कार मिला। वर्ष 2012 में तत्कालीन केंद्रीय मंत्री शरद पवार ने चैंपियन अवॉर्ड कार्यक्रम में उन्हें राष्ट्रीय सम्मान प्रदान किया।

वर्ष 2016 में तत्कालीन सांसद योगी आदित्यनाथ ने उन्हें पंडित दीनदयाल राष्ट्रीय पुरस्कार से सम्मानित किया। इसी वर्ष भारत सरकार की ओर से उन्हें प्रतिष्ठित नारी शक्ति पुरस्कार भी प्रदान किया गया। यह सम्मान 8 मार्च 2016 को तत्कालीन राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी ने प्रदान किया था। हरियाणा सरकार से राज्य स्तरीय सम्मान तथा मुंबई में एएसपी फाउंडेशन से एक लाख रुपये की नकद सम्मान राशि भी प्राप्त हुई। वर्ष 2025 में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उन्हें 11 लाख रुपये की राशि के साथ यूपी रत्न सम्मान से नवाजा।

पन्ना के श्री प्राणनाथ जी मंदिर से विशेष आस्था

कृष्णा यादव का मध्यप्रदेश के पन्ना से धार्मिक और आध्यात्मिक जुड़ाव भी विशेष है। वे निजानंद संप्रदाय एवं प्रणामी धर्म से जुड़ी हुई हैं तथा पन्ना स्थित श्री 108 प्राणनाथ जी मंदिर के प्रति उनकी गहरी आस्था है। वे अपने पति गोवर्धन सिंह यादव के साथ प्रमुख त्योहारों और धार्मिक अवसरों पर पन्ना आकर दर्शन करती हैं।

संघर्ष से सफलता तक का उनका सफर साबित करता है कि मजबूत इच्छाशक्ति, मेहनत और परिवार के सहयोग से विपरीत परिस्थितियों में भी नई राह बनाई जा सकती है। सम्मान एवं उपलब्धियों की जानकारी श्री कृष्णा पिकल्स के निदेशक गोवर्धन सिंह यादव द्वारा उपलब्ध कराई गई है।

रिपोर्ट: राकेश कुमार शर्मा