श्याम किशोर शास्त्री को पन्ना धाम में महंत की उपाधि से किया गया सम्मानित

श्री 5 पद्मावती पुरी धाम में श्री 108 प्राणनाथ जी मंदिर ट्रस्ट ने प्रदान की उपाधि

राकेश कुमार शर्मा

पन्ना। श्री 5 पद्मावती पुरी धाम पन्ना में सोमवार को आयोजित गरिमामय धार्मिक समारोह में उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद निवासी श्याम किशोर शास्त्री को श्री बंगलाजी दरबार मंदिर में श्री 108 प्राणनाथ जी मंदिर ट्रस्ट द्वारा महंत की उपाधि से अलंकृत किया गया। इस अवसर पर धर्म संसद श्री बंगलाजी मंदिर के विशाल प्रांगण में विद्वान, विदुषियां, मंदिर के पूज्य पुजारी, स्थानीय सुंदरसाथ तथा उत्तर प्रदेश से आए श्रद्धालु बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। महंत पद से अलंकृत किए जाने का यह क्षण उपस्थित श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण और गौरव का विषय रहा।

धर्म एवं आध्यात्मिक प्रचार में उल्लेखनीय योगदान

नवनियुक्त महंत श्याम किशोर शास्त्री श्री निजानंद संप्रदाय एवं श्रीकृष्ण प्रणामी धर्म के प्रचार-प्रसार में लंबे समय से सक्रिय हैं। वे लेखक, संपादक, कुशल मंच संचालक तथा श्रीमद्भागवत कथा के प्रखर वक्ता के रूप में पहचान रखते हैं। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर धर्म प्रचारक के रूप में ख्याति प्राप्त शास्त्री जी ने महामति प्राणनाथ जी की अमृतमयी वाणी और उनके उपदेशों को जन-जन तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।

उन्होंने महामति प्राणनाथ जी की ब्रह्मवाणी, तारतम सागर के आध्यात्मिक ज्ञान, कुंजम स्वरूप तथा श्रीमद्भागवत कथा के माध्यम से देश के विभिन्न राज्यों में धार्मिक जागरूकता का प्रसार किया। अपने प्रवचनों और लेखन के माध्यम से लोगों को धर्म, सदाचार और आध्यात्मिक जीवन की राह पर चलने के लिए प्रेरित किया।

पन्ना धाम के प्रति निष्ठा का मिला सम्मान

पन्ना धाम के प्रति उनकी अटूट निष्ठा, धार्मिक गतिविधियों में निरंतर सहभागिता तथा धर्म के प्रचार-प्रसार के प्रति समर्पण को देखते हुए मंदिर ट्रस्ट द्वारा उन्हें महंत पद की उपाधि से विभूषित किया गया। यह उपाधि पन्ना धाम की धार्मिक एवं आध्यात्मिक परंपरा में विशेष महत्व रखती है।

समारोह में ये रहे उपस्थित

इस अवसर पर श्री 108 प्राणनाथ जी मंदिर ट्रस्ट के उपाध्यक्ष दया कृष्ण दुबे, सचिव प्रेमकिशोर शर्मा, सृष्टि अनिल धामी, नरेंद्र धामी, राजेश शर्मा, प्रबंधक आशीष शर्मा, विद्वान पंडित खेमराज शर्मा, पंडित दिलीप शर्मा, बाबूलाल धामी, विदुषी रंजना दुबे, कमलावंती शर्मा, मधु शर्मा सहित मंदिर के पुजारी पवन पुजारी, दीपक पुजारी, प्रिंस पुजारी, सुनील पुजारी एवं रोशन पुजारी उपस्थित रहे।

इटावा और कानपुर से कुंज बिहारी सिंह, रामहेत और सुनील कुमार सहित अन्य श्रद्धालु भी समारोह में शामिल हुए। कार्यक्रम में मंदिर ट्रस्ट के पूर्व सचिव एवं वरिष्ठ पत्रकार राकेश कुमार शर्मा सहित बड़ी संख्या में सुंदरसाथ (श्रद्धालुओं) ने सहभागिता कर नवनियुक्त महंत श्याम किशोर शास्त्री को शुभकामनाएं दीं।